छिंदवाड़ा : शराब भट्टी पर रोक की मांग,जवाब में लाठी-डंडे—कुम्हारी मोहल्ला सुलगा।
छिंदवाड़ा। मेट्रो सिटी मीडिया डेस्क |
कोतवाली थाना क्षेत्र के कुम्हारी मोहल्ला में सोमवार शाम शराब भट्टी हटाने की मांग को लेकर चल रहा विरोध अचानक हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गया। देखते ही देखते हालात बेकाबू हुए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6 बजे पार्षद राहुल मालवी के नेतृत्व में स्थानीय नागरिक शराब भट्टी हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान शराब ठेके के संचालक पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों में पहले तीखी बहस और फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद इतना बढ़ा कि लाठियां और डंडे चलने लगे। इस झड़प में कांग्रेस पार्षद राहुल मालवी के सिर में गंभीर चोट आई, वहीं एक महिला सहित कुल चार लोग घायल हुए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों के अनुसार, विरोध प्रदर्शन के दौरान गुलाबी गैंग की कमांडर पूनम वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची थीं, जिन पर भी हमला होने की बात सामने आई है। इस दौरान कांग्रेस पार्षद राहुल मालवी और कांग्रेस नेता अभिषेक गुप्ता के बीच भी विवाद की स्थिति बनी, जिससे घटनाक्रम और अधिक उलझ गया।
मारपीट की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के वीडियो फुटेज और चश्मदीदों की गवाही के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है, जल्द ही प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद कुम्हारी मोहल्ला और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है, वहीं शराब भट्टी को लेकर प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।

















