छिंदवाड़ा में गूंजी ‘हिंदू गर्जना’: भव्य रैली के बाद पोला ग्राउंड में टाइगर राजा सिंह की विशाल हिंदू जागरण सभा।

छिंदवाड़ा। छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के अवसर पर शहर में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में भव्य “हिंदू गर्जना रैली” का आयोजन किया गया, जिसने पूरे शहर का माहौल धार्मिक और राष्ट्रवादी नारों से गुंजायमान कर दिया। इस रैली में विशेष रूप से टाइगर राजा सिंह की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक चर्चित बना दिया।
सुबह से ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों से कार्यकर्ता, युवक-युवतियाँ और श्रद्धालु बड़ी संख्या में एकत्रित होने लगे। रैली जब मुख्य मार्गों से निकली तो कई स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। भगवा ध्वज, जयघोष, ढोल-नगाड़ों और वीर शिवाजी महाराज के नारों के बीच रैली आगे बढ़ती रही, जिससे पूरे शहर में उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
रैली के समापन के पश्चात छिंदवाड़ा के पोला ग्राउंड में विशाल हिंदू जागरण सभा का आयोजन किया गया। सभा की शुरुआत वीर शिवाजी महाराज के जयकारों, “भारत माता की जय” और हिंदू नारों के साथ हुई। मंच से टाइगर राजा सिंह ने जोशीले अंदाज में संबोधन करते हुए कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन हिंदू स्वाभिमान, धर्म रक्षा और साहस का प्रतीक है। उन्होंने सभा के दौरान “न अकबर का, न काजी का, यह देश है वीर शिवाजी का” नारा लगाकर उपस्थित जनसमूह में जोश भर दिया।
सभा शुरू होने से पहले आयोजित प्रेस वार्ता में टाइगर राजा सिंह ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में यह रैली और सभा आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा के हिंदू कार्यकर्ताओं की लंबे समय से इच्छा थी कि वे यहां आकर युवाओं से संवाद करें, और आमंत्रण मिलने पर उन्होंने तत्काल समय दिया।
उन्होंने अपने संबोधन में छत्रपति शिवाजी महाराज के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन कालखंड में उन्होंने धर्म और समाज की रक्षा के लिए संघर्ष किया और हिंदवी स्वराज का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि आज भी समाज को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी और कुछ नीतिगत विषयों पर जनता की राय लेने की बात कही। साथ ही उन्होंने कानूनों के सख्त क्रियान्वयन, सामाजिक सुरक्षा और गौ-रक्षा जैसे विषयों पर प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता जताई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। सभा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था भी देखी गई और पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन सतर्क रहा।
पूरे आयोजन के दौरान पोला ग्राउंड और आसपास का क्षेत्र नारों, जयघोष और देशभक्ति के माहौल से गूंजता रहा। अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगियों, कार्यकर्ताओं और छिंदवाड़ा वासियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त किया।
( फॉलो करें @metrocitymedia.in इंस्टाग्राम पर )



















