छिंदवाड़ा / परासिया : मामूली कहासुनी से खूनखराबा , परासिया में बेटे ने फावड़े से मार कर की पिता की हत्या।

🔴 छिंदवाड़ा / परासिया मेट्रो सिटी मीडिया|
छिंदवाड़ा जिले के परासिया थाना क्षेत्र में 3 फरवरी की रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। वार्ड क्रमांक 07 बी.जे. सायडिंग में पुत्र ने मामूली कहासुनी के बाद अपने ही पिता पर फावड़े से हमला कर दिया, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने 11 फरवरी को आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार घटना रात लगभग 10 बजे की है। आरोपी नीरज इवनाती (36) अपने घर पर तेज आवाज में होम थिएटर चला रहा था। उसकी मां ने आवाज कम करने को कहा तो वह विवाद करने लगा। अशोभनीय भाषा का प्रयोग करने पर पिता भारत लाल इवनाती (72) ने आपत्ति जताई। इसी दौरान आरोपी ने आंगन में रखा फावड़ा उठाकर पिता पर प्राणघातक वार किया। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।
मामले में थाना परासिया में अप.क्र. 40/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस अधीक्षक अजय पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं एसडीओपी जितेन्द्र सिंह जाट के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक ईश्वर पटले के नेतृत्व में टीम गठित की गई। 11 फरवरी को आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा विधिवत जब्त किया गया तथा न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घटना पारिवारिक विवाद का परिणाम प्रतीत होती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पारिवारिक तनाव और असंयमित व्यवहार की बढ़ती घटनाएं चिंताजनक हैं।


















