छिंदवाड़ा / परासिया : रिटर्न सप्लाई से सारेगांव में करंट हादसा, बिजली सुधार कार्य के दौरान हेल्पर की मौत।
🔴 छिंदवाड़ा / परासिया मेट्रो सिटी मीडिया
छिंदवाड़ा जिले के सारेगांव में बिजली सुधार कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दोपहर के समय रिटर्न सप्लाई अचानक चालू होने से पोल पर काम कर रहे हेल्पर की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अनिल धुर्वे निवासी मोठार के डोला ढाना थाना क्षेत्र के रूप में हुई है, जो लाइनमैन साजिद खान के साथ हेल्पर के तौर पर कार्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि सारेगांव क्षेत्र में लाइन सुधार के लिए नियमानुसार परमिट लेकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई थी। इसी दौरान अनिल पोल पर चढ़कर मरम्मत कार्य कर रहे थे, तभी अचानक रिटर्न लाइन से सप्लाई चालू हो गई और उन्हें जोरदार करंट लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट लगते ही अनिल पोल से लटक गए और कुछ ही क्षणों में उनकी स्थिति गंभीर हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल सूचना दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत विभाग में स्थायी कर्मचारियों को भारी वेतन दिया जाता है, लेकिन जोखिम भरा कार्य निजी हेल्परों से कराया जाता है। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब अधिकृत रूप से सप्लाई बंद थी तो रिटर्न करंट कैसे चालू हुआ? कुंडली कला सब स्टेशन की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी कारणों की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। विभागीय स्तर पर रिपोर्ट तलब की गई है।
इस हादसे से दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। क्षेत्र में श्रमिक सुरक्षा और विद्युत प्रबंधन को लेकर गंभीर चिंता व्याप्त है।


















