छिंदवाड़ा सनसनीखेज खबर: नागालैंड से छुट्टी पर आया फौजी मौत के मुंह में समाया, अज्ञात वाहन ने मचाया कोहराम।
मेट्रो सिटी मीडिया डेस्क|
छिंदवाड़ा जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। छुट्टी पर घर आए नागालैंड में पदस्थ भारतीय सेना के जवान की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परासिया रोड पोआमा निवासी वीरेंद्र तुमराम मंगलवार रात लगभग 10 से 10:30 बजे के बीच अमरवाड़ा रोड से लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के तुरंत बाद डायल 112 के स्टाफ उमाशंकर इवनाती घायल जवान को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इलाज शुरू होने से पहले ही जवान ने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही देर रात परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में शोक और सन्नाटे का माहौल रहा। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और रात्रिकालीन गश्त को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

















