छिंदवाड़ा ताज़ा खबर: आदिवासी महोत्सव से सांसद का बड़ा ऐलान – 25 लाख की सौगात और कांग्रेस पर तीखा हमला।

छिंदवाड़ा मेट्रो सिटी मीडिया डेस्क |
छिंदवाड़ा के ऐतिहासिक बादल भोई संग्रहालय परिसर में आयोजित जनजातीय महोत्सव से लेकर संसद के भीतर तक, सांसद विवेक बंटी साहू के बयानों ने सामाजिक और राजनीतिक हलकों में तेज़ हलचल पैदा कर दी। आदिवासी समाज के विकास और मजदूरों के अधिकारों को लेकर उनके वक्तव्यों ने सीधा संदेश दिया।
जनजातीय महोत्सव को संबोधित करते हुए सांसद साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा शासनकाल में जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक पहचान के संरक्षण के साथ ठोस विकास कार्य किए गए हैं।
महोत्सव के अंतर्गत आयोजित युवक–युवती परिचय सम्मेलन को सामाजिक समरसता की दिशा में अहम पहल बताते हुए सांसद ने आदिवासी समाज के भवन निर्माण हेतु सांसद निधि से 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस घोषणा को समाज के लिए बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है।
इसी क्रम में संसद में प्रस्तुत ‘जी राम जी बिल’ पर बोलते हुए सांसद ने इसे गरीब किसानों और श्रमिकों के लिए परिवर्तनकारी कदम बताया। उनके अनुसार, मनरेगा के तहत अब 100 की जगह 125 दिन का रोजगार सुनिश्चित होगा और मजदूरी का भुगतान हर माह अनिवार्य रहेगा।
राजनीतिक प्रतिक्रिया में सांसद ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विपक्ष को हर सकारात्मक पहल से आपत्ति है। उनका आरोप था कि कांग्रेस को ‘राम’ नाम से ही असहजता है और इसी कारण वह इस विधेयक का विरोध कर रही है, जबकि जनता यह भलीभांति समझ रही है कि कौन गरीबों के हित में खड़ा है।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल अनुसुइया उईके, महापौर विक्रम अहके सहित भारिया जनजाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष दिनेश अंगारिया, वरिष्ठ भाजपा नेत्री सुश्री मोनिका बट्टी, मप्र रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष एस एस कुमरे, पूर्व विधायक नत्थन शाह कवरेती, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कांता ठाकुर, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष वीरपाल इवनाती, नाना भाई मोहोद, अग्घनशाह उईके, बालाराम परतेती, महेश सराठी, राघवेन्द्र शाह उईके, सूर्यभान मरावी, डिप्टी कलेक्टर विक्रम देव सरेयाम, डीएसपी जयंत परतेती, सहायक आयुक्त सत्येन्द्र सिंह मरकाम, बंटी वाडिवा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला, पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित पोफली, मनोज कुशवाहा, अल्प संख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष रिज़वान कुरैशी, विश्वेंद्र सिंह बैस, अतिश ठाकरे आदि उपस्थित थे।

















