छिंदवाड़ा : “चंदनगांव के स्कूल में घुसी मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला,संदिग्ध महिला को पकड़कर किया पुलिस के हवाले”।
🔴 छिंदवाड़ा मेट्रो सिटी मीडिया डेस्क |
छिंदवाड़ा के चंदनगांव हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित माइल स्टोन इंग्लिश मीडियम स्कूल में आज सुबह लगभग 11 बजे उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब एक संदिग्ध महिला स्कूल शुरू होते ही परिसर के अंदर प्रवेश कर गई। महिला ने स्वयं को एक बच्चे को लेने आई अभिभावक बताने की कोशिश की, जिससे स्कूल प्रबंधन और स्टाफ सतर्क हो गए।
स्कूल स्टाफ के अनुसार, महिला से जब नाम, पता और बच्चे की जानकारी पूछी गई तो वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी और उलझी हुई व अजीब बातें करने लगी। पूछताछ के दौरान उसके व्यवहार पर संदेह बढ़ा और वह अचानक वहां से भागने का प्रयास करने लगी। स्थिति को देखते हुए स्टाफ और मौजूद लोगों ने उसे रोककर पकड़ लिया, जिससे किसी भी संभावित अनहोनी को टाला जा सका।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, महिला का व्यवहार असामान्य प्रतीत हो रहा था और मौके पर मौजूद लोगों को उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं लग रहा था। हालांकि यह अंतिम रूप से जांच का विषय है। घटना की सूचना समाजसेवी सचिन ताम्रकार द्वारा तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद कोतवाली थाना प्रभारी आशीष धुर्वे के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है, फिर भी उसके स्कूल परिसर में प्रवेश करने के कारणों और पहचान की पुष्टि के लिए जांच की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है ताकि सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।
घटना के बाद स्कूल परिसर के बाहर अभिभावकों में कुछ समय के लिए भय और दहशत का माहौल बन गया। कई अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता भी जताई। हालांकि स्कूल प्रबंधन ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित करते हुए पुलिस की मदद से मामला शांत कराया और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरतने की बात कही।


















