छिंदवाड़ा : कक्षा में शराब के नशे में पहुंचे शिक्षक, शिक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में।

🔴 छिंदवाड़ा मेट्रो सिटी मीडिया डेस्क |
छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा विकासखंड अंतर्गत पौनार संकुल के एकीकृत माध्यमिक शाला लखनवाड़ा में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक प्राथमिक शिक्षक कथित रूप से शराब के नशे में स्कूल पहुंचे। प्रारंभिक जांच में शिक्षक के नशे में होने की पुष्टि हुई है और रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित शिक्षक की हालत इतनी बिगड़ी हुई थी कि वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। कक्षा के दौरान ही उनके कपड़े गीले हो जाने से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही अभिभावक स्कूल पहुंचे और छात्रों से पूछताछ की। विद्यार्थियों ने बताया कि शिक्षक शराब पीकर आए थे। मामला तत्काल संज्ञान में लेते हुए सूचना बीईओ अनुराग मिश्रा और बीआरसी विनोद वर्मा को दी गई।
इसके बाद पौनार संकुल के प्रभारी प्राचार्य और दो जनशिक्षकों की टीम मौके पर पहुंची। जांच दल ने शिक्षक को नशे की स्थिति में पाया। मौके पर ही प्रतिवेदन तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपा गया। बीईओ अनुराग मिश्रा ने पुष्टि की कि शिकायत मिलते ही जांच कराई गई और प्राथमिक शिक्षक सहस अहिरवार के नशे में होने की पुष्टि रिपोर्ट में दर्ज है। रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को प्रेषित की जा रही है।
जिला शिक्षा अधिकारी जीएस बघेल ने बताया कि प्रतिवेदन प्राप्त हो चुका है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, निलंबन या विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाही पर विचार किया जा रहा है। घटना के बाद अभिभावकों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि विद्यालय का वातावरण सुरक्षित और अनुशासित होना चाहिए, अन्यथा बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
इस प्रकरण ने सरकारी स्कूलों में निगरानी व्यवस्था और आचरण संहिता के पालन पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई आवश्यक मानी जा रही है।
( इमेज पर क्लिक करे और फॉलो करे @metrocitymedia.in )


















