छिंदवाड़ा : नाबालिग से दुष्कर्म मामले में सख्त फैसला: 20 वर्ष का कठोर कारावास, पीड़िता को 2 लाख प्रतिकर।

🔴 छिंदवाड़ा मेट्रो सिटी मीडिया डेस्क |
छिंदवाड़ा जिले के थाना देहात क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में न्यायालय ने 10 फरवरी 2026 को महत्वपूर्ण निर्णय सुनाते हुए आरोपी को 20 वर्ष के कठोर कारावास से दंडित किया है। यह मामला 25 जून 2025 को दर्ज हुआ था, जब पीड़िता की मां अपनी नाबालिग बालिका को लेकर थाना देहात पहुंची और लिखित शिकायत प्रस्तुत की।
पुलिस के अनुसार, शिकायत में उल्लेख किया गया कि मोहल्ले का ही रहने वाला आरोपी दुर्गेश उइके नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर मोहल्ले से कुछ दूरी पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना देहात में आरोपी के विरुद्ध धारा 137(2), 65(2) BNS तथा 5(M)/6 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत विवेचना प्रारंभ की गई।
प्रकरण की जांच थाना प्रभारी निरीक्षक जी.एस. राजपूत के मार्गदर्शन में की गई, जबकि विवेचना का दायित्व उप निरीक्षक वर्षा सिंह द्वारा संभाला गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी दुर्गेश पिता गलीराम उइके, निवासी लोनिया करबल (देहात) छिंदवाड़ा को 26 जून 2025 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया। इसके पश्चात संपूर्ण विवेचना पूर्ण कर 14 अगस्त 2025 को चालान न्यायालय जेएमएफसी छिंदवाड़ा में प्रस्तुत किया गया, जहां प्रकरण की पैरवी एडीपीओ श्री दिनेश उइके द्वारा की गई।
माननीय न्यायालय में सुनवाई के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों, गवाहों के कथन एवं पुलिस विवेचना को आधार मानते हुए न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार दिया। न्यायालय के निर्णय अनुसार आरोपी को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है, साथ ही पीड़िता को 2,00,000 रुपये की राहत प्रतिकर राशि प्रदान करने का आदेश भी पारित किया गया है।
पुलिस विभाग के अनुसार इस प्रकरण में त्वरित विवेचना, समयबद्ध गिरफ्तारी और मजबूत साक्ष्य संकलन ने न्यायिक प्रक्रिया को निर्णायक दिशा दी। विशेष रूप से निरीक्षक जी.एस. राजपूत, उप निरीक्षक वर्षा सिंह, एडीपीओ दिनेश उइके तथा संबंधित पुलिस स्टाफ की भूमिका जांच एवं अभियोजन में महत्वपूर्ण रही।
घटना ने यह भी रेखांकित किया है कि समय पर दर्ज एफआईआर, प्रभावी जांच और सशक्त अभियोजन से संवेदनशील मामलों में त्वरित न्याय संभव है, जो पीड़ित पक्ष को न्यायिक राहत दिलाने में अहम भूमिका निभाता है।
( फॉलो करें @metrocitymedia.in इंस्टाग्राम पर )


















