छिंदवाड़ा में दर्दनाक हादसा: देर रात ट्रेन की चपेट में आया युवक, मौके पर मौत।
छिंदवाड़ा मध्यप्रदेश |
छिंदवाड़ा जिले के लिंगा क्षेत्र में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जेतपुर लिंगा निवासी युवक राजेश इंदोरकर देर रात लिंगा के पास रेलवे पटरी के करीब ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, हादसे की खबर रात में ही परिजनों को मिली। इसके बाद परिवार के सदस्य तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, जहां राजेश इंदोरकर पटरी के किनारे मृत अवस्था में पड़े मिले। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत एंबुलेंस बुलवाई गई और शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मरचुरी में रखा गया है और शनिवार शाम तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मामला दुर्घटना का है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है।


















