Metro City Mediaक्राइमछिन्दवाड़ानगर निगम छिन्दवाड़ा

एक ही रात में 125 वारंटी गिरफ्तार: छिंदवाड़ा पुलिस का बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन, 20 साल से फरार इनामी आरोपी भी पकड़े गए।

Metro City Media

छिंदवाड़ा मध्यप्रदेश / मेट्रो सिटी मीडिया 

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही रात में व्यापक कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर 14-15 मार्च 2026 की रात शहर और देहात के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर कुल 125 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में लंबे समय से फरार दो इनामी आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़े, जिन पर कुल 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल को अलग-अलग टीमों में विभाजित किया गया। राजपत्रित अधिकारियों ने पहले पुलिस टीमों को ब्रीफ किया, इसके बाद शहर और ग्रामीण इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश, घेराबंदी और नाकाबंदी कर वारंटियों की तलाश शुरू की गई। तकनीकी शाखा और मुखबिर तंत्र की मदद से रातभर चले ऑपरेशन में 27 स्थायी वारंटी और 98 गिरफ्तारी वारंटी सहित कुल 125 आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस अभियान के दौरान थाना देहात पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। टीम ने 20 वर्ष से फरार 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी राजेन्द्र पिता मुन्‍नूलाल धुर्वे (निवासी गांगीवाड़ा) को जिला नर्मदापुरम से गिरफ्तार किया। वहीं 15 वर्ष से फरार 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी प्रकाश पिता मनीराम मेहरा (निवासी फोकटनगर, छिंदवाड़ा) को बैतूल जिले के सारणी क्षेत्र से दबिश देकर पकड़ा गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार इन आरोपियों के खिलाफ लंबे समय से वारंट लंबित थे।

कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने जिले में सक्रिय बदमाशों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी सख्त निगरानी रखी। अभियान में 115 गुंडा बदमाश, 81 निगरानी बदमाश, 2 जिला बदर आरोपी और 51 कबाड़ियों की सघन जांच की गई और उनका रिकॉर्ड अपडेट किया गया। इसके अलावा पुलिस टीमों ने क्षेत्र में गुम हुए लोगों की तलाश करते हुए 8 गुमशुदा व्यक्तियों को सुरक्षित ढूंढकर उनके परिजनों से मिलाया, जिससे परिवारों को राहत मिली।

अभियान के दौरान अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने खुले स्थानों पर शराब पीने और अवैध शराब की तस्करी करने वाले 18 लोगों के पास से लगभग 130 लीटर अवैध शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की। इसके साथ ही कई सक्रिय बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें कड़ी चेतावनी भी दी गई कि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

इस अभियान की निगरानी पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी डी.एस. शेन्डे द्वारा की गई। वहीं नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के नेतृत्व में थाना कुण्डीपुरा की टीम ने सर्वाधिक 16 वारंटियों को गिरफ्तार किया। थाना चांद पुलिस ने 6 वारंटियों को पकड़ा, जबकि थाना देहात पुलिस ने 13 वारंटियों की गिरफ्तारी की। पुलिस अधीक्षक ने सर्वाधिक वारंट तामील करने वाली टीमों को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।

लगातार चल रही इस कार्रवाई से जिले में अपराधियों के बीच स्पष्ट संदेश गया है कि कानून से बचना आसान नहीं होगा। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए इस तरह के कॉम्बिंग ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे।

फॉलो कीजिए @metrocitymedia.in इंस्टाग्राम पर ।   

FOLLOW @METROCITYMEDIA.IN


Metro City Media

Metro City Media

CHHINDWARA MP STATE DIGITAL NEWS CHANNEL & ADVERTISER EDITOR - PARAKH MUKUND SONI CONTACT - 9424637011 CALL / WHATSAPP
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker