छिन्दवाड़ा में गोलीकांड: अमरवाड़ा में डॉक्टर डेहरिया और उनकी पत्नी की गोली मारकर हत्या
बेटी के तथाकथित प्रेमी ने दिया गोलीकांड को अंजाम, घटना के बाद खुद को भी गोली मारी


छिन्वड़ा मध्यप्रदेश-
छिन्दवाड़ा के अमरवाड़ा में डॉ एम के डेहरिया और उनकी पत्नी लता डेहरिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। आरोपी ने “गोलीकांड” के बाद खुद को भी गोली मार ली है। आरोपी छिन्दवाड़ा की “सोनपुर मल्टी आवास” कालोनी का रहने वाला 25 साल का युवा सोनू प्रिंस मालवी बताया गया है।अमरवाड़ा पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार डॉ महेश कुमार डेहरिया बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष भी थे। पेशे से डॉक्टर थे । उनका क्लीनिक अमरवाड़ा के खमरा रोड पर वार्ड नंबर- 3 में है। डॉक्टर यहां अपनी पत्नी लता डेहरिया के साथ क्लीनिक में थे कि दोपहर करीब दो बजे सोनपुर मल्टी छिन्दवाड़ा का निवासी युवक सोनू प्रिंस मालवी अपनी बाइक से क्लीमिक पहुंचा और डॉक्टर दंपत्ति पर “रिवाल्वर” से गोलियां दाग दी। घटना में डॉ डेहरिया की घटना स्थल पर ही मौत हो गई वही पत्नी लता डेहरिया को कमर में गोली लगी थी। दोनों को उपचार के लिए तत्काल अमरवाड़ा अस्पताल लाया गया जहां से जिला चिकित्सालय छिन्दवाड़ा रेफर किया गया। जिला अस्पताल में दोनो को “मृत” घोषित कर दिया गया है।
बताया गया कि घटना के बाद सोनू प्रिंस मालवी ने खुद को भी गोली मार ली जिसे उपचार के लिए अमरवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का कारण “प्रेम प्रसंग” बताया गया है। सोनू प्रिंस मालवी डॉ डेहरिया की पुत्री से शादी करना चाहता था और डॉक्टर दंपत्ति इसके खिलाफ थे। उनकी पुत्री अभी विदेश में मेडिकल की स्टूडेंट है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। बताया गया कि आरोपी ने अमरवाड़ा जाने से पहले डॉक्टर से फोन पर बात की थी और इसके बाद बाइक से अमरवाड़ा पहुंच गया था।
अमरवाड़ा पुलिस ने जांच में घटना स्थल को सील कर दिया है। आरोपी की हालत भी गंभीर है। आरोपी के पास “रिवाल्वर” कहा से आया यह भी जांच का विषय है।
छह राउंड किए फायर..
आरोपी सोनू मालवी ने क्लीनिक में पहुंचकर पहले डॉक्टर डेहरिया से बहस की और फिर अचानक ही “रिवाल्वर” निकालकर फायर कर दिया। फायर की आवाज सुनकर डॉक्टर की पत्नी चेम्बर के कमरे में आई तब आरोपी ने उन पर भी फायर कर दिया। बताया गया कि डॉक्टर डेहरिया को छाती में तीन गोलियां लगी है वही उनकी पत्नी लता डेहरिया को कमर और पीठ में दो गोलियां लगी है। एक फायर आरोपी ने अपने पैर में कर लिया। फायर की आवाज से क्लीनिक में अफरा- तफरी मच गई थी। स्टाफ घबरा गया था फिर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और एम्बुलेंस भी बुलाई गई।तीनो को अमरवाड़ा अस्पताल ले जाया गया जहां से डॉक्टर दंपत्ति को गंभीर हालत में छिन्दवाड़ा अस्पताल रेफर किया गया था किंतु तब तक काफी देर हो चुकी थी। अमरवाड़ा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।