प्रदेश के संविदा कर्मियों की शिवराज सरकार ने हर ली दुविधा
नियमित कर्मियों की तरह ही वेतन सहित अन्य लाभ देने की घोषणा
-
संविदा कर्मचारियों की अनुबंध प्रक्रिया समाप्त
-
नियमित कर्मचारियों की तरह मिलेंगे लाभ
-
अवकाश, बीमा, ग्रेच्युटी और अनुकंपा नियुक्ति का भी प्रावधान
-
नेशनल पेंशन स्कीम का भी मोलेगा लाभ
♦भोपाल मध्यप्रदेश-
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के संविदा कर्मियों को नियमित कर्मियों की तरह ही अवकाश, बीमा, ग्रेच्युटी और अनुकंपा नियुक्ति देंने के साथ ही नेशनल पेंशन स्कीम का लाभ देने की घोषणा की है। भोपाल के नेहरू स्टेडियम में आयोजित प्रदेश भर के संबिदा संविदा कर्मियों के सम्मेलन में उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के भव्य भवन का निर्माण हो रहा है और इसकी नींव के पत्थर संविदा कर्मचारी हैं। इन्होंने नियमित कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर और कहीं-कहीं उनसे भी अधिक कार्य किया है। कई अवसर पर जान की बाजी लगाकर दायित्व निभाया और अद्भुत कार्य कर दिखाया। कोविड के दौर में भी संविदा कर्मचारियों ने नागरिकों की जिन्दगी बचाई, जिसे मध्यप्रदेश कभी भुला नहीं पाएगा। संविदा कर्मचारियों की क्षमताएँ, सेवाभाव और कार्यकुशलता किसी से कम नहीं है। इस नाते इनके जीवन की अनिश्चितता को समाप्त करना आवश्यक है। यदि आज मध्यप्रदेश नंबर-वन है तो इसके लिये विभागों में कार्य कर रहे संविदा कर्मचारियों ने आगे बढ़ कर कार्य किया है। ये मध्यप्रदेश के लिए दाएं-बाएं हाथ और दिल की तरह है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि संविदा कर्मचारियों की सेवाओं के लिए प्रतिवर्ष अनुबंध की प्रक्रिया समाप्त होगी। संविदा कर्मचारियों को समय-सीमा में नेशनल पेंशन स्कीम का लाभ दिया जाएगा। संविदा कर्मचारियों को वेतन, मानदेय में पूर्व में निर्धारित 90 प्रतिशत के स्थान पर शत-प्रतिशत राशि प्रदान की जाएगी। संविदा कर्मचारियों को स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए आवश्यक गणना संबंधी कार्यवाही शीघ्र की जाएगी। संविदा कर्मचारियों को अनुकंपा नियुक्ति का लाभ भी मिलेगा । संविदा कर्मचारियों को रिटायरमेंट पर ग्रेच्युटी की व्यवस्था की जाएगी। विभागों में नियमित पदों पर भर्ती में 50% पदों पर संविदा कर्मचारियों को आरक्षण रहेगा। संविदा कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों की तरह अवकाश के साथ मातृत्व अवकाश भी प्रदान किया जाएगा। संविदा कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों की तरह आकस्मिक, अर्जित और ऐच्छिक अवकाश मिलेंगे। कुछ कारणों से संविदा कर्मचारियों के काटे गए वेतन की राशि वापस की जाएगी। कोई केस नहीं चलेगा।
नियमित कर्मचारियों की तरह लाभ मिलेंगे..
संविदा कर्मचारियों को- सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिह चौहान ने संविदाकर्मियों के हित में महत्वपूर्ण घोषणाएँ की। इसमें प्रतिवर्ष सेवा के अनुबंध को समाप्त करने, नियमित कर्मचारियों की तहत अवकाश, बीमा योजना, रिटायरमेंट पर ग्रेच्युटी, अनुकम्पा नियुक्ति के लाभ देने और नियमित पदों पर भर्ती में 50 प्रतिशत स्थानों पर संविदा कर्मियों को आरक्षण की सुविधाएँ शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि अनेक संविदा कर्मचारियों को कार्य करते हुए 20 – 25 वर्ष तक हो गए हैं। इनकी जिन्दगी कठिन हो गई, रिन्यूअल का चक्कर खत्म करना आवश्यक है।
सम्मेलन को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया, पंचायत एवं पिछड़ा वर्ग विकास राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल, स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री बृजेन्द्र सिंह यादव, कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेशचंद्र शर्मा, सुल्तान सिंह शेखावत ने भी संबोधित किया।