छिंदवाड़ा में महाशिवरात्रि का महासुरक्षा अभियान:ड्रोन कैमरे , सड़कों पर चेकिंग और ड्रिंक-ड्राइव पर सख्ती

🔴 मेट्रो सिटी मीडिया डेस्क छिंदवाड़ा |
छिंदवाड़ा। महाशिवरात्रि एवं महादेव भूरा-भात मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए छिंदवाड़ा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। 7 फरवरी 2026 से जिले में मेला क्षेत्र, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडे के निर्देशन में तैयार “सुरक्षा मास्टर प्लान” के तहत मेला परिसर, मंदिरों के आसपास और पार्किंग क्षेत्रों में अतिरिक्त बल, सादा वर्दी पुलिस और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, भीड़ प्रबंधन और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मुख्य मार्गों पर चेक-पॉइंट स्थापित कर ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर शून्य सहनशीलता की नीति के तहत तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस और क्विक रिस्पॉन्स टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु बिना किसी व्यवधान के आस्था के इस पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में मना सकें।


















