5 किलो गांजा के साथ जोरिफ और प्रथम गिरफ्तार, 1 लाख का गांजा जप्त, सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस

5 किलो गांजा के साथ जोरिफ और प्रथम गिरफ्तार, 1 लाख का गांजा जप्त, सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस
छिंदवाड़ा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 किलो अवैध गांजा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 किलो गांजा जब्त किए हैं। मामले में गांजा सप्लाई करने वाले एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रथम पिता संजय पंजवानी (23) निवासी मोहन नगर और जोरिफ उर्फ अब्दुल मारूफ पिता आरिफ खान (20) निवासी आजाद चौक मटन मार्किट गांजा लेकर इमलीखेड़ा स्थित चाचा ढाबा की ओर आने वाले हैं। सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस की टीम ने बैतूल रोड स्थित चाचा ढाबा के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा। तलाशी के दौरान प्रथम पंजवानी से 2 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये, और एक आईफोन 17 बरामद किया गया। वहीं जोरिफ उर्फ अब्दुल मारूफ खान से 3 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये, तथा वनप्लस कंपनी का मोबाइल जब्त किया गया। कुल 5 किलो गांजे की अनुमानित कीमत 1 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गांजा इमरान उर्फ इम्मू निवासी इंद्रा नगर, धरमटेकड़ी से खरीदा था। पुलिस के अनुसार, उक्त आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
कार्रवाई में उनि नारायण सिंह बघेल, प्रधान आरक्षक युवराज सिंह, अमीर सिंह, आरक्षक अनिल बघेल, राजेंद्र रावत तथा साइबर सेल के नितिन सिंह और आदित्य रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

















