Metro City Mediaक्राइमछिन्दवाड़ानगर निगम छिन्दवाड़ा

छिंदवाड़ा में फिल्मी अंदाज़ में लूट: कार से टक्कर मारकर 2.5 लाख उड़ाए, पुलिस ने 5 आरोपी दबोचे।

Metro City Media

छिंदवाड़ा मध्यप्रदेश / मेट्रो सिटी मीडिया

छिंदवाड़ा जिले के कुंडीपुरा थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कुंडीपुरा पुलिस द्वारा की गई, जिसमें रेकी कर लूट को अंजाम देने वाले गिरोह को पकड़ने में सफलता मिली।

पुलिस के मुताबिक घटना की शिकायत 1 मार्च 2026 को की गई थी। फरियादी कमलेश सूर्यवंशी (37 वर्ष), निवासी साईधाम कॉलोनी, सिवनी रोड छिंदवाड़ा ने चौकी धरमटेकड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 27 फरवरी 2026 की रात करीब 9:35 बजे वह अमरवाड़ा से मोबाइल विक्रय की वसूली राशि लेकर एक्टिवा वाहन MP-28-SC-3824 से छिंदवाड़ा लौट रहा था। वाहन की डिक्की में लगभग 2,53,400 रुपये रखे हुए थे।

फरियादी के अनुसार जब वह दिल्ली दरबार ढाबा के पास मेन रोड पर पहुंचा, तभी एक कार ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी। अचानक हुए इस टकराव से वह संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे गिर गया। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक मौके पर पहुंचे और एक्टिवा की डिक्की से नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। एक अन्य युवक कार से पीछा करते हुए भाग निकला। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 309(4) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे और नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने अमरवाड़ा क्षेत्र में दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में

रघु उर्फ यशवंत पिता सुम्मु वर्मा (34 वर्ष) निवासी ग्राम सकरवाड़ा थाना अमरवाड़ा जिला छिंदवाड़ा

रामकुमार उर्फ मोनू पिता रामावतार वर्मा (29 वर्ष) निवासी ग्राम सकरवाड़ा थाना अमरवाड़ा जिला छिंदवाड़ा।

प्रधुम्न उर्फ विस्तु पिता सुम्मु वर्मा (23 वर्ष) निवासी ग्राम सकरवाड़ा थाना अमरवाड़ा जिला छिंदवाड़ा।

विजय पिता रामस्वरूप आहरवार (32 वर्ष)  निवासी ग्राम रानीकामथ थाना अमरवाड़ा जिला छिंदवाड़ा।

संदीप भलावी पिता श्रीराम भलावी (28 वर्ष)निवासी ग्राम सकरवाड़ा थाना अमरवाड़ा जिला छिंदवाड़ा।

शामिल हैं। सभी आरोपी अमरवाड़ा थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल कर ली। उनके पास से 2,01,000 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन MP-28-SC-3824, दो मोटरसाइकिल, एक स्विफ्ट कार और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने जब्त किए गए सामान को केस डायरी में दर्ज कर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों ने पहले से रेकी कर इस वारदात को अंजाम दिया था। सड़क पर टक्कर मारकर वाहन रुकवाना और फिर मौका पाकर नकदी लूट लेना इस गिरोह की सुनियोजित रणनीति थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस गिरोह ने जिले या आसपास के इलाकों में अन्य वारदातें तो नहीं कीं।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता को लेकर चर्चा तेज है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि हाल के दिनों में वसूली राशि लेकर आने-जाने वाले व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी।

फॉलो कीजिए @METROCITYMEDIA.IN इंस्टाग्राम पर

 

FOLLOW @METROCITYMEDIA.IN

 


Metro City Media

Metro City Media

CHHINDWARA MP STATE DIGITAL NEWS CHANNEL & ADVERTISER EDITOR - PARAKH MUKUND SONI CONTACT - 9424637011 CALL / WHATSAPP
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker