Metro City Mediaछिन्दवाड़ानगर निगम छिन्दवाड़ा

छिंदवाड़ा: जनगणना 2027 पूरी तरह डिजिटल, ऐप और वेब पोर्टल से होगी गणना; छिंदवाड़ा में समन्वय समिति की पहली बैठक आयोजित।

Metro City Media

🔴 छिंदवाड़ा मेट्रो सिटी मीडिया डेस्क |

छिंदवाड़ा। 09 फरवरी 2026 को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में जनगणना 2027 के सफल संचालन और पर्यवेक्षण को लेकर जिला जनगणना समन्वय समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री हरेंद्र नारायण ने की। इस बैठक में आगामी जनगणना की रूपरेखा, प्रशासनिक जिम्मेदारियां और तकनीकी तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

 

बैठक में भारत सरकार द्वारा नियुक्त जिला जनगणना प्रभारी श्री अनुज सोलंकी ने जानकारी दी कि जनगणना 2027 दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण 1 मई से 30 मई 2026 के मध्य आयोजित किया जाएगा, जिसमें मकानों का सूचीकरण एवं मकान गणना की जाएगी। दूसरा चरण फरवरी 2027 में होगा, जिसमें जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा।

 

श्री सोलंकी ने बताया कि यह भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी। जनगणना कर्मी मोबाइल एप के माध्यम से आंकड़ों का संकलन करेंगे। इसके साथ ही नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा देने के लिए “स्व-गणना वेब पोर्टल” भी विकसित किया जा रहा है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और सटीक होगी।

 

प्रशासनिक संरचना की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिला कलेक्टर को प्रमुख जनगणना अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर को जिला जनगणना अधिकारी, सभी एसडीएम को अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, तहसीलदारों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को ग्रामीण व नगरीय चार्ज जनगणना अधिकारी तथा नायब तहसीलदारों को अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी अधिकारियों की भूमिका और दायित्व स्पष्ट रूप से तय किए गए हैं।

 

बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, जिला सांख्यिकी अधिकारी श्री यशवंत वैद्य, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, परियोजना अधिकारी डीयूडीए तथा जिला जनसंपर्क अधिकारी सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आगामी दिनों में सभी फील्ड स्टाफ के लिए विस्तृत प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।

 

प्रशासन के अनुसार, डिजिटल माध्यम से होने वाली जनगणना से डेटा की विश्वसनीयता बढ़ेगी, समय की बचत होगी और भविष्य की योजनाओं के लिए अधिक सटीक आधार उपलब्ध होगा। जिले में जनगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं।


Metro City Media

Metro City Media

CHHINDWARA MP STATE DIGITAL NEWS CHANNEL & ADVERTISER EDITOR - PARAKH MUKUND SONI CONTACT - 9424637011 CALL / WHATSAPP
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker