छिंदवाड़ा सनसनीखेज खबर: गाजर का हलवा या मौत का सौदागर , 11 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार, प्रशासन में मचा बवाल।
छिंदवाड़ा/अमरवाड़ा।
अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में बुधवार रात एक मिठाई ने लोगों की सेहत बिगाड़ दी। गाजर का हलवा खाने के बाद एक साथ 11 लोगों की तबीयत खराब होने से इलाके में सनसनी मच गई ।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 9 बजे अमरवाड़ा स्थित महालक्ष्मी बीकानेर स्वीट्स से खरीदे गए गाजर के हलवे का सेवन करने के बाद 11 लोगों को पेट दर्द, उल्टी और चक्कर जैसी शिकायतें शुरू हुईं। सभी पीड़ित एक ही समूह से जुड़े बताए जा रहे हैं।
प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई
स्थिति बिगड़ने पर परिजन पीड़ितों को तत्काल अमरवाड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए 6 मरीजों को छिंदवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया। फूड इंस्पेक्टर गोपेश मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। दुकान से खाद्य सामग्री के सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर और आक्रोश का माहौल है। मिठाई दुकानों की स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध खाद्य पदार्थों का सेवन न करें और किसी भी प्रकार की तबीयत खराब होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
जब एक प्रतिष्ठित दुकान से खरीदी मिठाई भी बीमार कर दे, तो आम उपभोक्ता आखिर भरोसा किस पर करे ? 

















