छिंदवाड़ा : गणतंत्र दिवस परेड में छिंदवाड़ा की धमाकेदार एंट्री,पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस केएनसीसी कैडेट आयुष साहू का चयन।

छिंदवाड़ा मेट्रो सिटी मीडिया |
छिंदवाड़ा जिले के लिए गौरव का क्षण, पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के एनसीसी कैडेट आयुष साहू का चयन गणतंत्र दिवस परेड 2026, नई दिल्ली के लिए किया गया। इस उपलब्धि से न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे जिले में गर्व और उत्साह का वातावरण बन गया है।
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिंदवाड़ा के एनसीसी कैडेट सार्जेंट आयुष साहू 26 जनवरी 2026 को देश की राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर आयोजित भव्य गणतंत्र दिवस परेड में अपनी सहभागिता निभाएंगे। यह चयन कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का प्रतिफल माना जा रहा है।
एनसीसी सूत्रों के अनुसार आयुष साहू का चयन कई चरणों की कठिन चयन प्रक्रिया के बाद किया गया, जिसमें शारीरिक दक्षता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और परेड कौशल का मूल्यांकन हुआ। इस प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर स्थान सुनिश्चित किया।
इस गौरवपूर्ण सफलता पर 24 मध्यप्रदेश एनसीसी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल थॉमस ओमन एवं समस्त बटालियन स्टाफ ने कैडेट आयुष साहू को शुभकामनाएं दीं। वहीं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. शेखर ब्रम्हे एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वाय. के. शर्मा ने इसे महाविद्यालय के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
इस चयन के बाद महाविद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल है। एनसीसी कैडेट्स में नई ऊर्जा और प्रेरणा देखने को मिल रही है, वहीं जिले के युवाओं के लिए यह सफलता एक प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आई है।

















