Metro City Mediaछिन्दवाड़ाधार्मिकनगर निगम छिन्दवाड़ा

छिंदवाड़ा: 06 से 17 फरवरी तक चलेगा भूराभगत महादेव मेला, व्यवस्थाओं पर कलेक्टर-एसपी सख्त।

Metro City Media

महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर छिंदवाड़ा जिले के प्रसिद्ध तीर्थ ग्राम भूराभगत में 06 से 17 फरवरी तक आयोजित होने वाले महादेव मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। मेला स्थल पर व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में अहम बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महादेव मेले में न केवल जिले बल्कि आसपास के जिलों और अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त की जाएं।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु अतिरिक्त बसों की व्यवस्था, पैदल मार्गों पर शुद्ध पेयजल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, एंबुलेंस, चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के निर्देश दिए हैं। वहीं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सभी जल स्रोतों की नियमित शुद्धिकरण प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा गया है।

पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय ने मेला क्षेत्र में सुव्यवस्थित पार्किंग, संभावित दुर्घटना स्थलों पर चेतावनी संकेत, प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे तथा असामाजिक गतिविधियों पर सख्त निगरानी के निर्देश दिए। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया है।

श्रद्धालुओं के ठहराव को लेकर इस वर्ष भी टेंट सिटी विकसित की जा रही है, जहां स्वच्छ पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा जैसे मूलभूत इंतजाम उपलब्ध रहेंगे। प्रशासन का दावा है कि इस बार मेले की व्यवस्थाएं पहले से अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित होंगी।


Metro City Media

Metro City Media

CHHINDWARA MP STATE DIGITAL NEWS CHANNEL & ADVERTISER EDITOR - PARAKH MUKUND SONI CONTACT - 9424637011 CALL / WHATSAPP
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker