सिमरिया हादसे के बाद सक्रियता: परिवारों से मिले जनप्रतिनिधि,मुआवजा और मदद का ऐलान।

मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में सिमरिया मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। इस दुर्घटना में 10 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद प्रशासन और सरकार ने तत्काल राहत कार्य शुरू किए और घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को ₹8 लाख और घायलों को ₹1 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने हादसे के दौरान राहत कार्य में जुटे पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए बताया कि ड्यूटी पर मौजूद रीवा के पुलिसकर्मी जूते उतारकर वाहन में बैठे थे, और पांढुर्णा से ड्यूटी खत्म कर जबलपुर लौट रहे थे, लेकिन हादसा होते ही वे नंगे पैर ही मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद में जुट गए। मुख्यमंत्री ने उनकी इस तत्परता और संवेदनशीलता के लिए उन्हें पुरस्कृत करने की भी घोषणा की।
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर भी जनप्रतिनिधियों की सक्रियता देखने को मिली। पांढुर्णा-छिंदवाड़ा क्षेत्र से जुड़े सांसद विवेक बंटी साहू के पुत्र कृष्ण विवेक साहू और भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी मृतक परिवारों से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी और प्रत्येक परिवार को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की।
सांसद विवेक बंटी साहू ने बताया कि वे लगातार प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में हैं और प्रभावित परिवारों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि राहत एवं सहायता कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि पीड़ितों को समय पर मदद मिल सके। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि पार्टी द्वारा उन्हें असम चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसके चलते वे क्षेत्र से बाहर हैं, लेकिन लौटते ही सभी प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे।

















