Metro City Mediaक्राइमछिन्दवाड़ा

छिंदवाड़ा की श्रद्धा चौकीकर भोपाल में MD ड्रग्स के साथ गिरफ्तार, डेढ़ साल से कर रही थी सप्लाई, 37 वर्षीय साथी भी पकड़ा गया।

Metro City Media

 

भोपाल/छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के दौरान भोपाल क्राइम ब्रांच ने छिंदवाड़ा की रहने वाली एक महिला को एमडी ड्रग्स की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 14.19 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार महिला की पहचान श्रद्धा चौकीकर, पिता अनिल चौकीकर, निवासी रेलवे कॉलोनी, छिंदवाड़ा के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने उसके 37 वर्षीय साथी राजेंद्र राय को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा पिछले करीब डेढ़ साल से एमडी ड्रग्स की सप्लाई में शामिल थी, जबकि वह स्वयं लगभग छह साल से नशे का सेवन कर रही थी।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

क्राइम ब्रांच के एएसपी शैलेंद्र चौहान के अनुसार, सोमवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि एमपी नगर जोन-2 में अंग्रेजी शराब दुकान के सामने एक महिला एमडी ड्रग्स बेचने के लिए पहुंचने वाली है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी जैकेट की जेब से 14.19 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, जिसमें  ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हुए।

उत्तर प्रदेश से लाई गई थी ड्रग्स की खेप

पुलिस पूछताछ में श्रद्धा ने बताया कि वह दो दिन पहले अपने साथी राजेंद्र राय के साथ उत्तर प्रदेश गई थी। वहां से दोनों एमडी ड्रग्स की खेप लेकर भोपाल लौटे थे। इसके बाद शहर में इसकी सप्लाई करने की तैयारी थी। महिला से मिली जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने राजेंद्र राय की तलाश शुरू की और उसे साकेत नगर स्थित रीगल होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उत्तर प्रदेश में ड्रग्स की खेप किससे खरीदी गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं।

शाहपुरा के होटलों की पार्टियों में तलाशती थी ग्राहक

पुलिस के दावे के मुताबिक, श्रद्धा भोपाल के शाहपुरा क्षेत्र स्थित दो होटलों में आयोजित होने वाली पार्टियों में जाती थी। वहां नशा करने वाले लोगों से संपर्क बढ़ाकर कथित तौर पर एमडी ड्रग्स के ग्राहक तलाशती थी। जांच एजेंसी अब उसके संपर्कों, पार्टी नेटवर्क और संभावित खरीदारों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पिछले डेढ़ साल में भोपाल में कितने लोगों तक उसके माध्यम से एमडी ड्रग्स पहुंची और इस कारोबार में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए आई थी भोपाल

पुलिस के अनुसार, श्रद्धा वर्ष 2012 में भोपाल के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला लेकर पढ़ाई करने आई थी। पढ़ाई के दौरान बैकलॉग आने के कारण उसने वर्ष 2014 में बीई की पढ़ाई छोड़ दी थी। इसी दौरान उसकी शादी हुई, लेकिन वर्ष 2016 में पति से तलाक के बाद वह भोपाल में ही रहने लगी। पुलिस का कहना है कि उसने मिनाल रेसीडेंसी में दोस्तों की संगत में नशा करना शुरू किया था। धीरे-धीरे उसका संपर्क पार्टियों में शामिल होने वाले लोगों से बढ़ा और वह हाईप्रोफाइल पार्टियों तक पहुंचने लगी। पुलिस के मुताबिक, वह स्वयं करीब छह साल से नशे का सेवन कर रही थी और पिछले डेढ़ साल से ड्रग्स सप्लाई के कारोबार में शामिल थी। वह खुद को कंस्ट्रक्शन क्षेत्र से जुड़ा बताती थी।

उत्तर प्रदेश से भोपाल तक नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस का फोकस ड्रग्स की सप्लाई के स्रोत, उत्तर प्रदेश से भोपाल तक खेप पहुंचाने वाले नेटवर्क और शहर में इसके खरीदारों का पता लगाने पर है। शाहपुरा क्षेत्र की पार्टियों में सक्रिय संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ और आगे की जांच में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।


Metro City Media

Metro City Media

CHHINDWARA MP STATE DIGITAL NEWS CHANNEL & ADVERTISER EDITOR - PARAKH MUKUND SONI CONTACT - 9424637011 CALL / WHATSAPP
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker