छिंदवाड़ा में महिला प्रधान आरक्षक ने उठाया खौफनाक कदम, पेट्रोल डालकर दी जान।

छिंदवाड़ा / मध्य प्रदेश
छिंदवाड़ा शहर के साहू मोहल्ला वार्ड क्रमांक 47 में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पुलिस विभाग में पदस्थ 42 वर्षीय प्रधान आरक्षक दीपा नेगी ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आत्महत्या कर ली। दीपा नेगी पिछले करीब 15 वर्षों से पुलिस विभाग में सेवाएं दे रही थीं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस घटना से पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दीपा नेगी के पति का पहले ही निधन हो चुका था और उन्हें अनुकंपा नियुक्ति के तहत पुलिस विभाग में नौकरी मिली थी। उनके परिवार में 15 वर्षीय एक बेटी है। बताया जा रहा है कि उनका नागपुर में इलाज भी चल रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वे सुबह पेट्रोल लेने की बात कहकर घर से निकली थीं और बाद में वापस लौटकर खुद को आग के हवाले कर दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं से घटना की पड़ताल की जा रही है।

















