घरेलू विवाद ने ली दो जिंदगियां , पत्नी की हत्या के बाद पति ने पीया जहर , मासूम बच्चा हुआ अनाथ।
छिंदवाड़ा / मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा अंतर्गत उमरेठ थाना क्षेत्र के ग्राम जमतरा में गुरुवार को घरेलू विवाद ने गंभीर आपराधिक रूप ले लिया। सुबह करीब 10 बजे 28 वर्षीय रविन्द्र उईके ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी पूजा उईके के साथ विवाद के दौरान उसकी हत्या कर दी। घटना खेत में बने अलग मकान में हुई, जहां दंपति अपने डेढ़ साल के बेटे सिद्धांत के साथ रहते थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी को शराब की लत थी और वह अक्सर नशे की हालत में पत्नी से विवाद करता था, जो इस बार घातक साबित हुआ।
परिजनों के मुताबिक विवाद के दौरान घर से चीख-पुकार सुनकर रविन्द्र की मां और बहन मौके पर पहुंचीं, जहां उन्होंने उसे पत्नी के साथ मारपीट करते हुए देखा और बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। कुछ समय बाद दोपहर में बच्चे के रोने की आवाज पर जब परिजन दोबारा पहुंचे, तो पूजा उईके घर के अंदर मृत अवस्था में मिलीं, जबकि रविन्द्र ने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया था। सूचना मिलते ही उमरेठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर साक्ष्य जुटाने और परिजनों के बयान लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लंबे समय से चल रहे घरेलू विवाद और शराब की लत इस घटना की मुख्य वजह हो सकती है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं डेढ़ साल का मासूम सिद्धांत एक ही दिन में माता-पिता दोनों से वंचित हो गया। यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते घरेलू विवाद और नशे की समस्या पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फॉलो कीजिए @METROCITYMEDIA.IN इंस्टाग्राम पर और पाए छिंदवाड़ा की लेटेस्ट अपडेट्स सब से पहले।


















