छिंदवाड़ा ताज़ा मामला: तीन घंटे में हत्या का खुलासा,खेत में पशु चराने का विवाद बना मौत की वजह।

छिंदवाड़ा/जुन्नारदेव।
जुन्नारदेव थाना क्षेत्र के ग्राम सोमाटेकड़ी (टाटरवारा) में पारिवारिक रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया, जहाँ स्वेच्छा से सेवानिवृत्त विद्युत विभाग के कर्मचारी की उनके ही रिश्तेदारों ने निर्ममता से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 09 जनवरी को यदुवंशी परिवार के बीच खेत में पशु चराने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ, जिसने देखते ही देखते जानलेवा रूप ले लिया। आरोप है कि धनलाल यदुवंशी (33), ज्ञानचंद यदुवंशी (41) एवं राजकुमार उर्फ राजा (19) ने एक राय होकर सेवानिवृत्त लाइनमैन लखनलाल यदुवंशी (65) पर कुल्हाड़ी व डंडे से प्राणघातक हमला कर दिया। घटना मृतक के ही कुएं के समीप घटित हुई, जहाँ अत्यधिक रक्तस्राव एवं गंभीर आंतरिक चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जुन्नारदेव पुलिस ने मर्ग क्रमांक 01/2026 धारा 194 बीएनएस के अंतर्गत जांच प्रारंभ की। मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया गया एवं शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का सूक्ष्म परीक्षण किया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई।
पुलिस अधीक्षक अजय पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी सुनील बरकडे के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश बघेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तत्पश्चात अपराध क्रमांक 09/2026 धारा 103(1), 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से दो कुल्हाड़ी एवं एक डंडा बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
- इनकी रही अहम भूमिका
इस सराहनीय कार्रवाई में
निरीक्षक राकेश बघेल,
उप-थाना प्रभारी मुकेश डोंगरे,
उप निरीक्षक मनोज चौधरी,
एएसआई राजकुमार कुमरे,
सतीश दुबे,
आरक्षक अनिल उईके, संतोष धुर्वे, रामावतार तिवारी, महेश एवं संदीप झरबड़े की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक द्वारा इस टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा भी की गई है।

















