नाम बड़ा, काम संदिग्ध! मिठाई में कीड़े मिलने से सनसनी,परासिया में मचा हड़कंप।

छिंदवाड़ा जिले के परासिया क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रतिष्ठित ब्रांड की सोनपापड़ी में ज़िंदा इल्ली मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, परासिया स्टेशन रोड निवासी समाजसेवी रिंकू रितेश चौरसिया ने 02 जनवरी 2026 को परासिया स्थित एक अधिकृत वितरक से सोनपापड़ी के दो पैकेट खरीदे थे। घर पर एक पैकेट खोलते ही उसमें ज़िंदा कीड़े और जाले दिखाई दिए, जिससे परिवार के सदस्य स्तब्ध रह गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौरसिया ने तत्काल कंपनी के कस्टमर केयर से संपर्क किया और फोटो-वीडियो सहित साक्ष्य ई-मेल के माध्यम से भेजे। आरोप है कि शिकायत के बावजूद कंपनी की ओर से न तो संतोषजनक उत्तर मिला और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई।
इसके बाद पीड़ित ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, जिला छिंदवाड़ा को लिखित शिकायत सौंपी। खाद्य विभाग ने दूषित पैकेट, सील बंद डिब्बा और खुला नमूना साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार नमूने को जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जाएगा और दोष सिद्ध होने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के सामने आने के बाद परासिया सहित आसपास के क्षेत्रों में उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि नामी ब्रांड से ऐसी लापरवाही स्वीकार्य नहीं है और खाद्य सामग्री की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
अब बड़ा सवाल यह है—क्या बड़े ब्रांड का नाम गुणवत्ता की गारंटी बन चुका है, या उपभोक्ताओं की सेहत अब भी जोखिम में है?

















