छिंदवाड़ा: तमिया की वादियों में साउथ सिनेमा की गूंज, छिंदवाड़ा की प्रतिभा को मिला राष्ट्रीय मंच।

छिंदवाड़ा | Metro City Media
छिंदवाड़ा जिले की उभरती हुई प्रतिभा अब राष्ट्रीय सिनेमा के मंच पर अपनी पहचान बना रही है। जिले के होनहार कलाकार बादल भारद्वाज को साउथ इंडियन फिल्म में अभिनय का अवसर मिलने के बाद, तमिया ब्लॉक में चल रही साउथ फिल्म की शूटिंग के दौरान जय हो फाउंडेशन का प्रतिनिधिमंडल मौके पर पहुँचा और इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
प्रतिनिधिमंडल ने इसे न केवल कलाकार की व्यक्तिगत सफलता बताया, बल्कि छिंदवाड़ा जिले की रचनात्मक क्षमता के लिए गौरव का क्षण करार दिया।
- फिल्मी दिग्गजों से हुई भेंट
शूटिंग स्थल पर जय हो फाउंडेशन के सदस्यों की मुलाकात प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक एवं पटकथा लेखक जी. अशोक से हुई, जो तेलुगु और हिंदी सिनेमा के जाने-माने नाम हैं। वर्ष 2007 में उन्होंने फिल्म “उषोदयम” से निर्देशन की शुरुआत की थी, जिसके लिए उन्हें नंदी पुरस्कार (श्रेष्ठ बाल फिल्म निर्देशक) से सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने आकाश रामन्ना, पिल्ला ज़मींदार, सुकुमारुडु, चित्रांगदा और भागमती जैसी चर्चित फिल्मों का सफल निर्देशन किया।
इसी दौरान फिल्म निर्देशक वी.वी. रुशिका (VV Rushika) से भी मुलाकात हुई, जिन्होंने तेलुगु फिल्म “इक्षु (Ikshu)” के माध्यम से निर्देशन की दुनिया में पदार्पण किया और अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।
- जय हो फाउंडेशन का आभार और आमंत्रण
जय हो फाउंडेशन की ओर से फिल्म यूनिट से जुड़े सभी कलाकारों और तकनीकी टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया गया, जिन्होंने छिंदवाड़ा जैसे अंचल की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया। साथ ही, सभी फिल्मकारों को छिंदवाड़ा भ्रमण का औपचारिक आमंत्रण भी दिया गया।
- संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा
उल्लेखनीय है कि जय हो फाउंडेशन पूर्व में भी जिले की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “जिनसे शनि देव को हैं पूजा रे” जैसे लोकसंस्कृति आधारित गीत का निर्माण कर चुका है।
- उपस्थिति
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं श्रेयॉन फिल्म स्टूडियो के निर्देशक संजय भारद्वाज, जय हो फाउंडेशन के संरक्षक विजय मते तथा अध्यक्ष तरुण तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

















