छिंदवाड़ा ताज़ा मामला: छिंदवाड़ा से नर्मदापुरम तक फैला था चोरी का जाल, पुलिस ने किया खुलासा।

छिंदवाड़ा/जुन्नारदेव।
जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जुन्नारदेव पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अंतरजिला स्तर पर सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 06 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा एसडीओपी सुनील बरकड़े के मार्गदर्शन में जुन्नारदेव थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश बघेल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
- दो मामलों से खुली चोरी की कड़ी
मामला 21 दिसंबर 2025 को दर्ज हुआ, जिसमें प्रार्थी देवेंद्र नागवंशी ने रिपोर्ट दी कि 20 नवंबर की रात उसके घर के सामने से होंडा ड्रीम युगा मोटरसाइकिल चोरी हो गई।
दूसरे मामले में 4 अक्टूबर 2025 को नरेंद्र साहू ने जुन्नारदेव बाजार से अपनी होंडा CD110 चोरी होने की सूचना दी।
दोनों प्रकरणों में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
- मुखबिर तंत्र और तकनीकी जांच से आरोपी बेनकाब
विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने साहिल अंसारी (25 वर्ष) निवासी डुंगरिया को हिरासत में लिया। सघन पूछताछ में उसने जुन्नारदेव सहित नर्मदापुरम, सीहोर और बैतूल जिलों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से कुल 06 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनकी अनुमानित कीमत ₹4.50 लाख बताई जा रही है।
🏍️ बरामद मोटरसाइकिलों का संक्षिप्त विवरण
नर्मदापुरम देहात थाना क्षेत्र से चोरी होंडा साइन
जीआरपी आमला (बैतूल) से चोरी होंडा साइन
कोतवाली होशंगाबाद क्षेत्र से चोरी मोटरसाइकिल
पिपरिया थाना क्षेत्र से चोरी होंडा साइन
जुन्नारदेव से चोरी होंडा ड्रीम युगा
जुन्नारदेव से चोरी होंडा CD110
- एक आरोपी जेल, दो की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपी साहिल अंसारी को न्यायालय में पेश कर जिला जेल छिंदवाड़ा भेज दिया गया है। वहीं, उसके फरार साथी दीपक एवं नागले की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
- इनकी रही अहम भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी राकेश सिंह बघेल, उप-थाना प्रभारी मुकेश डोंगरे, सहित पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

















