Metro City Mediaछिन्दवाड़ानगर निगम छिन्दवाड़ाराजनीति

छिंदवाड़ा सनसनीखेज खबर: चाइनीज मांझे का कहर बरसा 4 साल की मासूम पर , सांसद ने सहायता प्रदान करने का दिया आश्वासन ।

Metro City Media

मेट्रो सिटी मीडिया डेस्क छिंदवाड़ा।

प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। बुधवार को उमरानाला चौकी क्षेत्र के लिंगा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रही 4 वर्षीय मासूम बच्ची चाइनीज मांझे की चपेट में आ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्ची अपने भाई के साथ बाइक से घर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर फैला चाइनीज मांझा अचानक बच्ची की गर्दन में फंस गया। देखते ही देखते उसकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई, जिससे गले से तेज़ी से रक्तस्राव होने लगा। हादसे में बच्ची की आहार नली और श्वास नली दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बच्ची को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए उसे नागपुर रेफर कर दिया। नागपुर में बुधवार रात करीब 9:40 बजे बच्ची का आपातकालीन ऑपरेशन शुरू किया गया। सांस लेने में गंभीर परेशानी को देखते हुए डॉक्टरों ने पहले बायपास नली डालकर वैकल्पिक श्वसन व्यवस्था की, इसके बाद सर्जरी संभव हो सकी।

सूत्रों के अनुसार, बच्ची के पिता सोनू दाड़े, जिला कोतवाली छिंदवाड़ा में ऑपरेटर पद पर पदस्थ हैं। घटना की जानकारी मिलते ही छिंदवाड़ा सांसद विवेक ‘बंटी’ साहू ने नागपुर में इलाज की व्यवस्था कराई और परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम बिक रहे और उड़ाए जा रहे चाइनीज मांझे ने एक बार फिर प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कब तक मासूम और राहगीर इस जानलेवा लापरवाही का शिकार होते रहेंगे?

रिपोर्ट – परख मुकुंद सोनी।


Metro City Media

Metro City Media

CHHINDWARA MP STATE DIGITAL NEWS CHANNEL & ADVERTISER EDITOR - PARAKH MUKUND SONI CONTACT - 9424637011 CALL / WHATSAPP
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker