Metro City Mediaछिन्दवाड़ादेशमध्यप्रदेश

आंतकवादी हमले में शहीद कार्पोरेल विक्की पहाड़े की शहादत को नमन करने उमड़ा छिन्दवाड़ा, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी आए, कहा शहीद के परिवार की मदद करेगी सरकार

शहीद के परिवार को एक करोड़ की सहायता और सरकारी सेवा में सर्विस का प्रस्ताव

Metro City Media

♦छिन्दवाड़ा मध्यप्रदेश-

पुंछ में हुए आतंकी हमले में शहीद छिंदवाड़ा की माटी के  सपूत अमर शहीद वायु सेना के कॉरपोरल विक्की पहाड़े  की शहादत को नमन करने पूरा छिन्दवाड़ा उमड़ पड़ा। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी छिन्दवाड़ा पहुंचे। उन्होंने शहीद विक्की पहाड़े को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शहीद की पत्नी और माँ से मुलाकात कर सांत्वना दी कि शहीद के परिवार की सरकार मदद करेगी।

शहीद विक्की पहाड़े का  पार्थिव शरीर आज सुबह भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से हवाई पट्टी इमलीखेड़ा और फिर  काफिले के साथ छिंदवाड़ा के नोनिया करबल स्थित उनके घर ले जाया गया। उनके निवास पर अंतिम दर्शन के बाद शहर के मुख्यमार्गों से होते हुए पातलेध्वर मोक्षधाम में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ शहीद विक्की पहाड़े को हजारो – हजार लोगों की मौजूदगी में भारत माता की  जय के जयघोष के साथ अंतिम विदाई दी गई।

शहीद कॉरपोरल विक्की पहाड़े को उनके घर पर जिले के कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक  मनीष खत्री, सीईओ जिला पंचायत पार्थ  जैसवाल, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों, शहीद के परिजनों, पूर्व सैनिको सहित कांग्रेस – भाजपा के नेताओ और  गणमान्य नागरिकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि हमारे बहादुर जवान पर हमें गर्व है,  जिसने मातृभूमि की सेवा में अपना सर्वस्व समर्पित किया। जिन्होंने यह कायराना हमला किया उनको उसकी कीमत चुकाना पड़ेगी। देश ऐसे बहादुर जवानों से ही अपनी यात्रा तय करता आया है। हमें अपनी सेना पर गर्व है। राज्य सरकार अपने बहादुर जवान की शहादत को बेकार नहीं जाने देगी। सरकार शहीद के बालक की भी चिंता करेगी। उन्होंने कहा कि  शहीद विक्की पहाड़े की स्मृति को चिरस्थाई बनाने के लिए एक स्मृति द्वार बनाया जाएगा। उनके नाम पर  छिन्दवाड़ा नगर के किसी एक वार्ड का  नामकरण भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि यादव ने कहा कि राज्य सरकार शहीद के परिजनों को एक  करोड़ की सहायता राशि प्रदान करने के लिए चुनाव आयोग को प्रस्ताव भेज रही है। शहीद के आश्रितों में से किसी सदस्य को वायु सेना में नौकरी मिल सकती है।  जरूरत होने पर राज्य सरकार भी आश्रित को सरकारी सेवा प्रदान कर सकती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चुनाव की इस समय में उन्होंने अपना कार्यक्रम परिवर्तित किया और वे छिंदवाड़ा पहुंचे, क्योंकि हमारे लिए चुनाव प्रचार से कहीं ज्यादा जरूरी शहीद का सम्मान है।

शहीद विक्की पहाड़े की अंतिम यात्रा उनके नोनिया करबल स्थित निवास से परासिया नाका, सत्कार तिराहा, जेल तिराहा, फव्वारा चौक, गोलगंज, मेनरोड, छोटा बाजार, पुराना पावर हाउस, होते हुए पातालेश्वर मोक्षधाम पहुंची। मार्ग में शहरवासियों ने शहीद पर पुष्प वर्षा कर भारत माता की जय, विक्की पहाड़े अमर रहे के जय घोष के साथ उनकी शहादत को नमन किया। मोक्षधाम में वायु सेना के प्लाटून ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। शहीद के परिजनों , प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सहित हजारो – हजार शहरवासियों की मौजूदगी में उनके पांच वर्ष के पुत्र ने मुखाग्नि देकर शहीद को अंतिम विदाई दी।

 

संदिग्ध आतंकियों की तलाश, 20 लाख का इनाम..

इधर सेना वायु सेना के काफिले पर घात लगाकर हमला कर फरार हुए आतंकियों की तलाश का बड़ा अभियान चला रही है। सेना ने आतंकियों के स्केच भी जारी किए हैं और सूचना देने वाले को 20 लाख का इनाम देने की भी घोषणा की है। सेना का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। सेना ने 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। खबर यह भी है कि पुंछ के इस हमले में आतंकियों ने चीन निर्मित हथियारों का भी।उपयोग किया है।


Metro City Media

Metro City Media

CHHINDWARA MP STATE DIGITAL NEWS CHANNEL & ADVERTISER EDITOR - PARAKH MUKUND SONI CONTACT - 9424637011 CALL / WHATSAPP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker