छिंदवाड़ा में अवैध शराब पर बड़ा एक्शन, आबकारी-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
छिंदवाड़ा में अवैध शराब कारोबार पर बड़ा प्रहार, आबकारी-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
छिंदवाड़ा। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग एवं पुलिस स्टाफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कच्ची शराब की भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई वृत्त चौरई में अलग-अलग स्थानों पर की गई, जिससे अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 16 दिसंबर 2025 को आबकारी विभाग और पुलिस की टीम ने ग्राम जनतरा कुक्कापानी, पोलिया, बावागांव सहित आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान टीम को जंगल व सुनसान इलाकों में संचालित अवैध शराब निर्माण की भट्टियां मिलीं।
छापेमारी के दौरान टीम ने अलग-अलग स्थानों से लगभग 2000 किलोग्राम महुआ लाहन, 30 लीटर अवैध हाथभट्टी कच्ची मदिरा एवं दो चूल्हे बरामद किए। बरामद महुआ लाहन का सैंपल लेने के बाद शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, वहीं अवैध शराब निर्माण में उपयोग की जा रही भट्टियों को तोड़ दिया गया।
आबकारी विभाग ने बताया कि इस कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(1)(च) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। अवैध शराब निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि अवैध और जहरीली शराब से जनहानि की आशंका को देखते हुए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
“इस संयुक्त कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि अवैध शराब कारोबार करने वालों के लिए जिले में अब कोई जगह नहीं है।”

















