छिंदवाड़ा में खून सस्ता?पैसों का विवाद या हैवानियत? 350 की लड़ाई में युवक की हत्या।
350 रुपये की देनदारी बनी हत्या की वजह, ढाबा कर्मचारी की चाकू मारकर निर्मम हत्या
छिंदवाड़ा | मेट्रो सिटी मीडिया
छिंदवाड़ा जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रोहना कला में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां मामूली लेन-देन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सिरसोड़िया ढाबा में कार्यरत युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
350 रुपये को लेकर हुआ विवाद
पुलिस से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक कमलनाथ मस्कोले ढाबे में खाना बनाने का कार्य करता था। आरोपी और मृतक के बीच करीब 350 रुपये की देनदारी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार दोपहर आरोपी ढाबे पर पहुंचा और कहासुनी के बाद अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हमले में कमलनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
आदतन अपराधी बताया जा रहा आरोपी
सूत्रों के अनुसार हिरासत में लिया गया आरोपी आदतन अपराधी बताया जा रहा है। पुलिस आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है।
क्षेत्र में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
मेट्रो सिटी मीडिया इस पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।

















