छिन्दवाड़ा: “ भैया में भैया ” नारा बना आफत , बीजेपी जिला अध्यक्ष को लगी कड़ी फटकार ।
मेट्रो सिटी मीडिया डेस्क |
भोपाल में भाजपा संगठन के भीतर चल रहा नारेबाजी का विवाद अब खुले तौर पर सतह पर आ गया है। एक आपत्तिजनक नारे को लेकर उठा मामला भोपाल तक पहुँचते ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने इसे गंभीरता से लिया, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान लगाए गए नारे पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने सार्वजनिक रूप से आपत्ति जताई थी। यही बयान पार्टी के लिए असहज स्थिति बन गया। मामला तूल पकड़ते ही जिलाध्यक्ष को भोपाल तलब किया गया, जहाँ वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में बंद कमरे में बैठक हुई।
बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री ने एक स्वर में जिलाध्यक्ष को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट किया कि इस तरह की सार्वजनिक टिप्पणी संगठनात्मक अनुशासन के विरुद्ध है। बैठक में सांसद की मौजूदगी ने मामले की गंभीरता और बढ़ा दी। नेतृत्व ने आपसी समन्वय से कार्य करने और आंतरिक मतभेदों को सार्वजनिक मंच पर न लाने की नसीहत दी।
इस प्रकरण का असर जमीनी कार्यकर्ताओं तक दिखाई दिया है। संगठन के भीतर खेमेबंदी, असमंजस और असहजता की स्थिति बनती नजर आई, वहीं विपक्ष ने भी इस विवाद को लेकर सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधा है।
फिलहाल मामला शांत तो कराया गया है, लेकिन संगठन के भीतर उठे इस तूफान ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—
क्या यह सिर्फ एक नारे का विवाद था, या इसके पीछे संगठन की गहरी खींचतान छिपी है?

















