Metro City Mediaछिन्दवाड़ानगर निगम छिन्दवाड़ा

अमरवाड़ा जंगल में मिला मृत तेंदुआ , पूरे इलाके में डर का माहौल।

Metro City Media

मेट्रो सिटी मीडिया डेस्क।

 

अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनपुर बीट के भूड़कुंप क्षेत्र स्थित ग्राम टेहटोरी के जंगल में मंगलवार सुबह एक नर तेंदुए का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। तेंदुए का शव सबसे पहले सुबह चरवाहों की नजर में आया, जिसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पूर्व वन मंडल अधिकारी स्वरूप जी के निर्देशन में उपवन मंडल अधिकारी बुधौलिया, वन परिक्षेत्र अधिकारी गया प्रसाद त्रिपाठी, वनरक्षक प्रवीण यादव एवं सत्यनारायण ठाकुर सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सूक्ष्म जांच प्रारंभ की गई।

  •  पोस्टमार्टम में नहीं मिले चोट के निशान

वन विभाग द्वारा तेंदुए के शव को सुरक्षित रूप से वन आवास लाकर पशु चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार तेंदुआ नर प्रजाति का था तथा शरीर पर किसी भी प्रकार की बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए। जांच के लिए बिसरा एवं अन्य आवश्यक नमूने सुरक्षित कर लिए गए हैं।

  •  करंट या पानी में डूबने की आशंका

सूत्रों के अनुसार तेंदुए का शव पानी के समीप मिलने से बिजली करंट लगने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इस संबंध में वन विभाग द्वारा विद्युत विभाग से ट्रिपिंग की जानकारी मांगी गई है। वहीं कुछ जानकारों का मानना है कि अत्यधिक प्यास या कमजोरी के कारण भी तेंदुए की मृत्यु हो सकती है। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच उपरांत ही स्पष्ट होगा।

  •  अंतिम संस्कार संपन्न

डॉग स्क्वॉड द्वारा भी घटनास्थल की जांच की गई। डीएफओ चिंदी रेंज के अधिकारियों की उपस्थिति में पोस्टमार्टम के बाद तेंदुए के मृत शरीर का वनरक्षक नाका झिरना के पीछे विधिवत अग्नि संस्कार किया गया।

  •  ग्रामीणों में भय, वन विभाग की अपील

तेंदुए के शव मिलने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। किसान रात्रि में खेतों की सिंचाई हेतु निकलने से कतरा रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने, शाम व रात्रि के समय अकेले बाहर न निकलने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की है।


Metro City Media

Metro City Media

CHHINDWARA MP STATE DIGITAL NEWS CHANNEL & ADVERTISER EDITOR - PARAKH MUKUND SONI CONTACT - 9424637011 CALL / WHATSAPP
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker