छिंदवाड़ा ताज़ा मामला: पैसों के विवाद में रिश्तों का कत्ल, बहू निकली ससुर की हत्यारिन! 24 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा, घर की महिला ने बहाया खून।

24 घंटे में अंधे कत्ल से उठा पर्दा, पुलिस जांच में सामने आई खौफनाक सच्चाई
छिंदवाड़ा | लावाघोगरी
लावाघोगरी थाना क्षेत्र में खून से सने एक बुजुर्ग के शव की बरामदगी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। प्रारंभिक तौर पर मामला अज्ञात हत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वैज्ञानिक जांच और मनोवैज्ञानिक पूछताछ ने महज 24 घंटे में इस रहस्यमयी हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया।
जांच में सामने आया कि बुजुर्ग की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि घर की बहू ने ही की थी। पुलिस के अनुसार, 27 दिसंबर की रात पैसों को लेकर हुए विवाद के दौरान बहू ने पास पड़ी लकड़ी से ससुर पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी बहू ने शव को घर के पास गली में फेंककर सबूत मिटाने की कोशिश की और स्वयं को निर्दोष साबित करने का नाटक किया। हालांकि पुलिस ने डॉग स्क्वायड, फिंगर प्रिंट, एफएसएल रिपोर्ट और सख्त पूछताछ के आधार पर सच्चाई उजागर कर दी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने इस सनसनीखेज मामले का सफल खुलासा किया। आरोपी बहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

















