छिंदवाड़ा लेटेस्ट: नगर निगम सीमा में खुलेआम जुआ, शारदा चौक बना अवैध खेल का अड्डा।।

छिंदवाड़ा | Metro City Media
शहर में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के दावों के बीच सोनपुर रोड स्थित शारदा चौक इन दिनों खुलेआम चल रहे जुए को लेकर सुर्खियों में है। सूत्रों के अनुसार, नगर निगम सीमा के भीतर ही लाखों रुपये के दांव प्रतिदिन लगाए जा रहे हैं और यह पूरा खेल कथित तौर पर राजनीतिक और पुलिस संरक्षण में संचालित हो रहा है।
बताया जा रहा है कि शारदा चौक क्षेत्र में संचालित इस जुआ फड़ का संचालन तीन युवाओं की एक साझेदारी द्वारा किया जा रहा है। इनकी पहचान शहर में आम चर्चा का विषय बनी हुई है। इतना ही नहीं, इस जुआ फड़ में छिंदवाड़ा के अलावा अन्य जिलों से भी खिलाड़ी पहुंच रहे हैं, जहां हार-जीत का खेल देर रात तक चलता है।
- परदे के पीछे ‘चौथा नाम’ चर्चा में
सूत्रों की मानें तो जुआ फड़ के तीन संचालक तो सामने हैं, लेकिन एक चौथा प्रभावशाली व्यक्ति भी बताया जा रहा है, जो प्रत्यक्ष रूप से सामने नहीं आता। इसी चौथे नाम को लेकर शहर में चर्चाएं तेज हैं और माना जा रहा है कि उसी प्रभाव के चलते यह फड़ अब तक कार्रवाई से दूर है।
- गारंटी के साथ जुआ, रेड का डर नहीं
शारदा चौक में चल रहा यह जुआ कथित तौर पर ‘डंडी पद्धति’ पर संचालित हो रहा है। यहां आने वाले खिलाड़ियों को भरोसा दिलाया जाता है कि वे निडर होकर खेल सकते हैं, क्योंकि किसी प्रकार की पुलिस कार्रवाई नहीं होगी। सूत्र बताते हैं कि कथित तौर पर संबंधित तंत्र को नियमित आर्थिक लाभ पहुंचाया जा रहा है, जिससे यह अवैध गतिविधि बेरोकटोक जारी है।
यही कारण है कि क्षेत्र में चर्चा में रहने के बावजूद अब तक किसी भी तरह की प्रभावी पुलिस दबिश देखने को नहीं मिली है।
- पुराना रिकॉर्ड, नई ‘सेटिंग’
गौरतलब है कि पूर्व में बोहनाखैरी क्षेत्र में जुआ खिलाए जाने की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। लेकिन इस बार कथित तौर पर इन संचालकों ने शहर के एक चर्चित नाम को अपने साथ जोड़ लिया है, जिसके बाद इस जुआ फड़ को संरक्षण मिलने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

















