छिंदवाड़ा सनसनीखेज खबर: रेलवे स्टेशन से रची साजिश, स्कूल के पास अंजाम ! 8 लाख की डकैती का पुलिस ने किया खुलासा।
सस्ते दामों पर सोना दिलाने का लालच देकर चाकू की नोक पर की गई सनसनीखेज डकैती के मामले में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शातिर पारधी गिरोह के चार पुरुष और दो महिलाओं को गिरफ्तार कर डकैती की गई पूरी 8 लाख रुपये की नकद राशि, हथियार और वाहन बरामद कर लिए हैं।
रक्षाबंधन से शुरू हुई ठगी की पटकथा
पीड़िता बबीता डेहरिया निवासी हडई, थाना हर्रई ने पुलिस को बताया कि रक्षाबंधन के दौरान कटनी रेलवे स्टेशन के पास उसकी मुलाकात एक पारधी महिला से हुई थी। महिला ने कम दाम में सोना उपलब्ध कराने का झांसा दिया। इसके बाद फोन पर लगातार संपर्क बना रहा और करीब 20 दिन पूर्व मुड़वारा स्टेशन के पास मुलाकात भी करवाई गई।
गिरोह के सदस्यों ने सोने जैसी दिखने वाली गिन्नी दिखाकर दावा किया कि उनके पास 7-8 किलो सोना है और जल्द सौदा नहीं हुआ तो किसी और को बेच देंगे।
- खरखरी स्कूल के पास रची गई डकैती
दिनांक 24 दिसंबर 2025 को पीड़ित पक्ष अपने परिचितों के साथ 8 लाख रुपये नकद लेकर कटनी पहुंचा। लोकेशन के अनुसार जब वे खरखरी स्कूल के पास पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने रुपयों से भरा बैग दिखाने को कहा।
जैसे ही बैग बाहर निकाला गया, गिरोह के अन्य सदस्य भी मौके पर आ गए। सभी ने पीड़ितों को घेर लिया, गाली-गलौज करते हुए चाकू तान दिए, और जान से मारने की धमकी देकर नकदी से भरा बैग व मोबाइल फोन छीनकर दो मोटरसाइकिलों पर फरार हो गए।
- पुलिस की त्वरित कार्रवाई, गिरोह गिरफ्त में
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कोतवाली, माधवनगर, रंगनाथनगर, रीठी और बस स्टैंड चौकी की संयुक्त टीमें गठित की गईं। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर कैलवारा बायपास के पास घेराबंदी कर 6 आरोपियों को धर दबोचा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने चाकू की नोक पर डकैती की वारदात कबूल कर ली।
- गिरफ्तार आरोपी व बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से —
नकद 8 लाख रुपये
4 चाकू
2 मोटरसाइकिल (कीमत करीब ₹2.20 लाख)
6 मोबाइल फोन
सोने जैसी धातु की गिन्नियां (करीब 250 ग्राम)
बरामद की हैं।
- पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहहिया, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय सहित विभिन्न थानों की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
मेट्रो सिटी मीडिया –
यह मामला न केवल संगठित अपराध का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि लालच किस तरह जानलेवा बन सकता है। पुलिस की सजगता और त्वरित कार्रवाई से बड़ी वारदात टल गई और अपराधियों को समय रहते सलाखों के पीछे पहुंचाया गया।
OFFICIAL INSTAGRAM METRO CITY MEDIA – https://www.instagram.com/metrocitymedia.in?igsh=MWswajlqZHZqdWt5bA==

















