“नकुलनाथ को कभी संसद में देखा नही, “कमलनाथ को कहा “चुनावी हिन्दू”
भाजपा की जनआशीर्वाद यात्रा में बोली महाराष्ट्र की सांसद पूनम महाजन

♦छिन्दवाड़ा मध्यप्रदेश-
मैं दो बार सांसद निर्वाचित हो चुकी हूं लेकिन कभी नकुलनाथ को “संसद” में देखा नही है। कमलनाथ चुनावी “हिन्दू” है। यह बात महाराष्ट्र की सांसद पूनम महाजन ने भाजपा की जनआशीर्वाद यात्रा में चौरई में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। सभा को केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद राव उदय प्रताप सिंह भाजपा के जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू रमेश दुबे और सौसर के घोषित भाजपा प्रत्याशी नाना मोहोड़ ने भी संबोधित किया।
सांसद पूनम महाजन ने कहा कि अच्छा राजा जनकल्याण के लिए काम करता है और खुद को राजा मानने वाले कमलनाथ अपने पुत्र कल्याण में जुटे हैं। यहां राजा की जान “तोते” में बसी है। उन्हें जनता की भलाई से कोई सरोकार नहीं है। ये जनता का भला क्या करेंगे। सांसद नकुलनाथ पर सवाल दागते हुए उन्होंने कहा कि इस बात की जांच करानी होगी कि उनकी जगह “संसद” में कौन शाइन कर रहा है और संसद के सी सी टी वी फुटेज भी देखने पड़ेंगे। मैं तो संसद जाती हूँ लेकिन नकुलनाथ को कभी संसद में देखा नही है। ऐसी दुर्दशा छिन्दवाड़ा की है।
सभा के पूर्व इमलीखेड़ा हवाई पट्टी पर जिला भाजपा अध्यक्ष विवेक बंटी साहू के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता ने उनकी अगुवानी और स्वागत किया। छिन्दवाड़ा से वे समसवाड़ा पहुंची और जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल हुईं। जन आशीर्वाद यात्रा के केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते और सांसद उदय प्रताप सिंह भी शामिल थे।
चौरई ने आयोजित आम सभा में सांसद पूनम महाजन ने कांग्रेस और कमलनाथ पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि छिंदवाड़ा की जनता इतिहास लिखेगी और इस बार सातों विधानसभा के विधायकों के साथ सांसद भी भाजपा का बनेगा। भाजपा का संकल्प लोक कल्याण का है।
सभा में केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलकर सत्ता में आई थी। झूठ से कांग्रेसी खुद और जनता परेशान हुई, जिसका नतीजा था कि नाराज नेताओं ने सरकार को ही बदल दिया। कांग्रेस ने जनहित की योजनाओं को ही बंद कर दिया था। इन पर भरोसा नहीं किया जा सकता। सांसद राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनता से जुड़ी है। जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान नेताओं ने समसवाड़ा, चांद, खमरा, बिछुआ, मोहखेड़, सावरी, मोरडोंगरी और उमरेठ में रथ से सभा को सम्बोधित किया।
यात्रा में जिला भाजपा अध्यक्ष विवेक बंटी साहू, यात्रा संयोजक शेषराव यादव, पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह, नाना भाऊ मोहोड़, पांढुरना प्रत्याशी प्रकाश भाऊ उइके, पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे, प्रियवर सिंह ठाकुर, लोकसभा संयोजक अशोक यादव, शैलेंद्र रघुवंशी, गोलू नागरे, जितेंद्र बब्बी चौरे, कमलेश वर्मा, गरिमा दामोदर, ज्योति डेहरिया, अतर लाल वर्मा, सरोज रघुवंशी, शैल कुमारी वर्मा, पूर्णिमा जैन, सिरपत नायक सहित अन्य भाजपा नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
जनआशीर्वाद यात्रा में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री और मध्यप्रदेश चुनाव समीति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर जुनारदेव, तामिया और अमरवाड़ा में जनसभा करेंगे वही शनिवार 16 सितम्बर को केंद्रीय महिला बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी छिन्दवाड़ा के दशहरा मैदान में जनसभा करेंगी।