नरसिंहपुर-छिंदवाड़ा NH पर स्लीपर बस पलटी: 6 यात्री घायल, 2 की हालत नाज़ुक
छिंदवाड़ा। नरसिंहपुर–छिंदवाड़ा नेशनल हाईवे पर तेदनी घाटी के पास सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात बड़ा हादसा हो गया। करीब 3 बजे टीकमगढ़ से नागपुर जा रही एक स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 6 यात्री घायल हो गए, जबकि 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा होते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। रात का समय होने के कारण राहत और बचाव कार्य में मुश्किलें जरूर आईं, लेकिन सूचना मिलते ही हर्रई थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुँची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए नरसिंहपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
- घायल यात्रियों की सूची
शब्बीर शाह (40) निवासी सागर
सोहिल शाह (19) निवासी सागर
नवीन शाह (35) निवासी सागर
लतीफ शाह (60) निवासी सागर
गुड्डी राय (46) निवासी ललितपुर
रमल कुमार पटवा (50) निवासी हर्रई
क्या है हादसे की वजह?
पुलिस की शुरुआती जांच में बस के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। हालांकि, टीम घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरा मामला जांच में ले चुकी है ताकि असली वजह स्पष्ट हो सके।

















