छिंदवाड़ा : परिजनों की तलाश, पुलिस की कार्रवाई—तालाब से बरामद हुआ शव।
छिंदवाड़ा | Metro City Media
छिंदवाड़ा जिले के कुंडीपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कवाडिया जलाशय में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची SDRF टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तालाब से शव को बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान उमेश उईके (42 वर्ष) पिता झनकलाल उईके, निवासी वार्ड क्रमांक 16, तालाब के पास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उमेश अपने रिश्तेदार अर्जुन के साथ तालाब नहाने गया था। इसी दौरान नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
जब काफी देर तक उमेश पानी से बाहर नहीं आया तो अर्जुन ने उसे आवाज दी और तालाब में तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF टीम को बुलाया गया, जिसने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर देर शाम शव को जलाशय से बाहर निकाला।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से डूबने की पुष्टि हुई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

















