अयोध्या–जबलपुर की सफलता के बाद छिंदवाड़ा रामलीला मंडल में बड़ा वाला फैसला , 21 साल के अनुभवी श्रांत चंदेल बने मुख्य निर्देशक।

छिंदवाड़ा मेट्रो सिटी मीडिया |
छिंदवाड़ा में श्रीरामलीला की परंपरा को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण निर्णय सामने आया है। अयोध्या और जबलपुर में रामलीला के सफल एवं प्रशंसित मंचन के बाद श्री रामलीला मंडल छिंदवाड़ा ने सर्वसम्मति से श्रांत चंदेल को अपना नया मुख्य निर्देशक नियुक्त किया है।
स्थानीय श्रीराम मंदिर परिसर में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान दोनों आयोजनों में सहभागी कलाकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अरविंद राजपूत ने जानकारी दी कि वर्तमान मुख्य निर्देशक पं. वीरेंद्र शुक्ल का कार्यकाल पूर्ण होने के पश्चात उन्होंने श्रांत चंदेल के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे पदाधिकारियों, संरक्षकगणों एवं सदस्यों ने एकमत से स्वीकार किया।
श्रांत चंदेल का रामलीला मंडल से जुड़ाव दो दशकों से भी अधिक पुराना रहा है। महज 12 वर्ष की आयु में मंच से जुड़े श्रांत चंदेल ने 21 वर्षों के रंगमंचीय सफर में रामलीला के अनेक महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण पात्रों को सशक्त अभिनय से जीवंत किया है। वर्तमान में उनके द्वारा निभाई जा रही राजा दशरथ की भूमिका को विशेष सराहना मिल रही है।
समिति के संरक्षक एवं वरिष्ठ कलाकारों का कहना है कि श्रांत चंदेल का अनुभव, बहुपात्र अभिनय क्षमता और संगठनात्मक समझ मंडल को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उनके निर्देशन में श्री रामलीला मंडल छिंदवाड़ा की सांस्कृतिक पहचान और अधिक मजबूत होगी।
सम्मान समारोह के अंत में सभी कलाकारों और पदाधिकारियों ने नव नियुक्त मुख्य निर्देशक को शुभकामनाएं दीं और प्रभु श्रीराम से संस्था की निरंतर उन्नति की कामना की। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ संरक्षक अधिवक्ता राजू माहोरे ने की, जबकि संचालन तरुण जैन द्वारा किया गया।
- इनकी रही मौजूदगी
कस्तूरचंद जैन, राजू चरणागर, सतीश दुबे लाला, व्यासपीठ प्रमुख अनिल सेठिया, विजय आनंद दुबे, विनोद विश्वकर्मा, मिथलेश भारद्वाज, अनिल ताम्रकार, पंडित नंदकिशोर शास्त्री, चंद्रभान सेंगर, सचिव राजेंद्र आचार्य, उपाध्यक्ष रोहित द्विवेदी बंटी, ट्विंकल चरणागर, कुशल शुक्ला, राहुल द्विवेदी पिंटू, शेखर शर्मा, सावन जैन कोषाध्यक्ष सुभाष साहू, ऋषभ स्थापक, श्रीकांत द्विवेदी, जितेंद्र सोनी, रजत पांडे, उत्तम सोनी, अभिषेक मुदलियार, शशांक दुबे सहित समिति के समस्त पदाधिकारी, सदस्य एवं कलाकार उपस्थित रहे।

















