आदेश आते ही रिलीव हो गए नगर निगम कमिश्नर राहुल सिंह, असिस्टेंट कमिश्नर फाइनेंस को दिया चार्ज
बनाए गए लोक निर्माण मंन्त्री राकेश सिंह के विशेष सहायक
♦छिन्दवाड़ा मध्यप्रदेश-
नगर निगम कमिश्नर राहुल सिंह राजपूत बुधवार को तबादला आदेश आते ही रिलीव हो गए। उन्होंने चार्ज निगम के असिस्टेंट कमिश्नर फाइनेंस कमलेश निर्गुड़कर को दिया है। शासन ने अभी नए कमिश्नर की पदस्थापना नही की है। कमिश्नर राहुल सिंह को राज्य शासन ने प्रदेश के लोक निर्माण मंन्त्री राकेश सिंह का विशेष सहायक अधिकारी नियुक्त किया है। राहुल सिंह 29 सितंबर 2022 को छिन्दवाड़ा नगर निगम कमिश्नर बनाए गए थे। इसके पूर्व वे सागर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के सी ई ओ थे।
अपने एक साल के कार्यकाल में उन्होंने नगर निगम छिन्दवाड़ा के लिए काफी सख्त फैसले लिए और नगर में चल रहे प्रोजेक्ट पर फोकस कर उन्हें फ्लोर पर लाने की कोशिश की। राजस्व वसूली को लेकर उनके लगातार प्रयासों से नगर निगम शासन के अल्प बजट के बावजूद पटरी पर रहा है। छिन्दवाड़ा में भी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को लेकर वे प्रयासरत थे। इसकी मंजूरी ना मिल पाने से स्मार्ट सिटी के कार्य नगर में शुरू ही नही हो पाए। अमृत परियोजना में शहर की जल आवर्धन योजना और ग्रेव्हटी पाइप लाइन के लिए 65 करोड़ का बड़ा प्रोजेक्ट का डी पी आर तैयार कराकर उन्होंने केन्द्र सरकार को भेजा था जिसे मंजूरी मिल गई है।
वर्तमान में नगर निगम विषम परिस्थितियों में है। चुंगी क्षतिपूर्ति सहित अन्य मदो में बजट ना मिल पाने के कारण नगर निगम प्रशासन का कामकाज प्रभावित है। निगम कमिश्नर राहुल सिंह स्थानीय वित्तीय स्त्रोत के माध्यम से उसे पूरा करने में जुटे थे। आने वाले नए कमिश्नर के लिए भी निगम प्रशासन की बागडोर बड़ी चुनोती होगी। निगम कमिश्नर ने रिलीव होने से पूर्व निगम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात की और फिर असिस्टेंट कमिश्नर को चार्ज देकर नई जवाबदारी सम्भालने भोपाल रवाना हो गए।