अमरवाड़ा में कांग्रेस को बड़ा झटका, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सीताराम सहित विनय भारती भाजपा में शामिल
जुन्नारदेव में केंद्रीय मंत्री "अमित शाह" की जनसभा में ली सदस्यता
♦छिन्दवाड़ा मध्यप्रदेश-
कांग्रेस में टिकिट वितरण को लेकर उपजा आक्रोश छिन्दवाड़ा में भी है। यहां कांग्रेस के पदाधिकारी पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की भी नही सुन रहे है। चौरई से सुजीत चौधरी के विरोध में “बंटी पटेल” ने पर्चा भरकर कांग्रेस की मुसीबत बढ़ा रखी है वही अमरवाड़ा विधानसभा से तीसरी बार “कमलेश शाह” को टिकट देने का विरोध करते आ रहे जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष “सीताराम डेहरिया” और टिकट के दावेदार “विनय भारती” ने हजारो कार्यकर्ताओं सहित शनिवार को जुन्नारदेव में आयोजित “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभा मे “भाजपा” की सदस्यता ले ली है। दोनो के भाजपा में जाने के आसार के चलते कांग्रेस के स्थानीय नेता उन्हें मनाने में लगे थे किंतु बात नही बनी। गोंडवाना की ” मोनिका बट्टी” के बाद कांग्रेस के टिकट दावेदार सहित पूर्व जिला पंचायत के भाजपा में जाने से अब कांग्रेस के ” कमलेश शाह” के लिए मुकाबला आसान नही रहा है। वे अपने घर मे घिर गए हैं।
विनय भारती पूर्व कमिश्नर के बेटे हैं। टिकट की शर्त पर कांग्रेस में आए थे। करीब एक साल से चुनाव की तैयारी में अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के गांवो का दौरा भी कर रहे थे। कांग्रेस ने उन्हें आदिवासी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष भी बनाया था।। टिकट का मामला आया तो कांग्रेस “हर्रई महल” से बाहर नही निकल पाई। जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सीताराम डेहरिया विधानसभा ही नही नगर पंचायत चुनाव के समय से नाराज हैं। उन्होंने अपने पार्षद बेटे संजय डेहरिया को नगर पंचायत अध्यक्ष बनाने की मांग रखी थी किन्तु विधायक कमलेश शाह ने बनने नही दिया था। तबसे दोनो के बीच “खट- पट” चली आ रही थी। वे वर्तमान में जिला कांग्रेस कमेटी के ” कार्यवाहक” अध्यक्ष भी है।
इस बार अमरवाड़ा से टिकट बदलने की मांग बलवती थी किन्तु कार्यकताओं की बात को तवज्जो नही मिली। कांग्रेस टिकट के मामले में फिर ” कमलेश शाह” को ही मैदान में ले आई तो फिर कार्यकर्ताओ ने ही यहां “राजा का बाजा ” बजाने कमर कस ली है। कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता अमरवाड़ा से भाजपा में शामिल हुए हैं। करीब 50 गाड़ियों के काफिले के साथ भाजपा ज्वाइन करने कार्यकर्ता जुन्नारदेव पहुंचे थे।हर्रई,बटकाखापा, छिंदी,अमरवाड़ा के करीब 50 गांव के कार्यकर्ता इसमे शामिल थे। भाजपा विधानसभा प्रभारी नितिन तिवारी ने कहा हर्रई और अमरवाड़ा में कांग्रेस पूर्व मुख्यमंन्त्री कमलनाथ और विधायक कमलेश शाह की सामंतवादी कार्यप्रणाली सहित भ्रष्टाचार और कार्यकर्ताओं को आतंकित कर दबाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। इसका तीसरा चरण भी शीघ्र देखने को मिलेगा।
केंद्रीय गृह मंत्री “अमित शाह” की सभा मे केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा सहित प्रत्याशी विवेक बंटी साहू, नाना मोहोड़, प्रकाश उइके, नत्थन शाह, लखन वर्मा , ज्योति डेहरिया, और मोनिका बट्टी सहित कार्यवाहक जिला अध्यक्ष प्रियवर ठाकुर, शेषराव यादव की उपस्थिति में कांग्रेस के नेताओ भाजपा की सदस्यता ली है।