छिन्दवाड़ा से “बंटी” विधायक बनने जा रहे हैं, जुन्नारदेव की सभा में केंद्रीय गृह मंत्री “अमित शाह” का ऐलान
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गिनाए घोटाले
♦छिन्दवाड़ा मध्यप्रदेश-
भारत की राजनीति के “चाणक्य” केंद्रीय गृह मंत्री “अमित शाह” ने जुन्नारदेव की “जनसभा” में ऐलान किया है कि इस बार छिन्दवाड़ा से “बंटी” पक्का “एम एल ए” बनने जा रहे हैं। ये मेरी बात याद रखना। शनिवार को वे जुन्नारदेव में “जनसभा” के लिए पहुंचे थे। सभा मे छिन्दवाड़ा और पांढुर्ना जिले के सातों भाजपा प्रत्याशी के परिचय के दौरान उन्होंने यह बात कही। भाजपा के जिला अध्यक्ष और प्रत्याशी बंटी साहू छिन्दवाड़ा में हर मुद्दे पर लगातार अपने प्रतिद्वन्दी बतौर पूर्व मुख्यमंत्री “कमलनाथ” की घेरेबंदी कर रहे हैं। वर्तमान में वे रोज एक सवाल पूछ रहे हैं कि उन्होंने 43 साल छिन्दवाड़ा में क्या किया है। बंटी साहू ने छिन्दवाड़ा में कमलनाथ के खिलाफ “बड़ी जंग” खड़ी कर दी है।केंद्रीय नेतृत्व का इतना बड़ा भरोसा “बंटी” के राजनीतिक कद को बहुत “ऊंचा” बना गया है।
जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री “कमलनाथ” पर केंद्रीय गृह मंत्री “अमित शाह” ने जमकर हमला बोलते हुए उनके घोटाले भी गिना दिए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पहले मध्यप्रदेश को बंटाधार दिग्विजय सिंह ने लूटा था और जातिवाद की परछाई में जब कुछ समय के लिए मध्यप्रदेश में उनकी सरकार बनी तो दोनों ने मिलकर प्रदेश को लूटा और घोटाले किए हैं। कमलनाथ का नाम लेते हुए उन्होनें कहा कि मोजरवियर घोटाला 350 करोड़, ऑगस्टा वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर खरीदी घोटाला 2400 करोड़, इफको फर्टिलाइजर घोटाला 600 करोड़ ,किसान कर्ज माफी घोटाला 25 हजार करोड़, गेंहू बोनस घोटाला 1178 करोड़ का है जो कमलनाथ से ही जुड़े हैं और कमलनाथ फिर से “मुख्यमंत्री” बनना चाहते हैं। कमलनाथ हमसे पूछते हैं कि आदिवासियों के लिए क्या किया? मैं उन्हें बता देना चाहता हूं कि आजादी के कई साल बाद स्व. अटलजी की सरकार ने जनजातीय मंत्रालय बनाया, जनजाति आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया। मोदी जी ने 23 जनजातियों को सूची में जोड़ा। भाजपा सरकार ने वीरांगना रानी दुर्गावती, टंट्या भील, राजा शंकरशाह, रघुनाथ शाह जैसे जननायकों, स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देते हुए उनके म्यूजियम बनाए और पहली बार एक आदिवासी परिवार की बहन द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाया है। छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय का नाम शंकरशाह के नाम पर रखा। हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति और पातालपानी स्टेशन का नाम जननायक टंट्या भील के नाम पर रखा है। कमलनाथ जी, देश-प्रदेश की आदिवासी जनता भाजपा को जानती है और यह भी जानती है कि आदिवासियों के विकास और जनजातीय गौरव को बढ़ाने का काम भाजपा की सरकार ने ही किया है। आज भाजपा में सबसे ज्यादा आदिवासी विधायक और सांसद हैं।
इस बार हमें तीन दिवाली मनाना है..
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि इस बार मध्यप्रदेश में हमे तीन दिवालियां मनाना है। पहली दीवाली तो दीपावली पर ही मनेगी। दूसरी दीपावली तब मनेगी जब आप प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाएंगे। और तीसरी दीवाली 22 जनवरी को मनेगी जब प्रधानमंत्री मोदी जी के हाथों भव्य राम मंदिर में रामलला की स्थापना होगी। कांग्रेस आजादी के बाद से राम जन्मभूमि के मामले को लटका, अटका और भटका रही थी। लेकिन 2019 में आप ने बहुत सी सीटें देकर मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाया और उन्होंने राम मंदिर के निर्माण का रास्ता साफ कर दिया। अब 22 जनवरी को मंदिर में रामलला की स्थापना है। उन्होंने कहा कि जब मैं भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष था, तब राहुल बाबा ताने कसते थे-मंदिर वहीं बनाएंगे पर तिथि नहीं बताएंगे। अब मंदिर भी बन गया और 22 जनवरी की तिथि भी बता दी है। राहुल बाबा, जरा आप भी दर्शन करके आ जाओ।
जिनकी जड़ें इटली में, उन्हें नहीं दिखेंगे भाजपा सरकार के काम..
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ किया, धारा 370 समाप्त की। ट्रिपल तलाक विरोधी कानून बनाया। आतंकियों पर सर्जिकल और एयर स्ट्राइक की। चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान की सफल लैंडिंग हुई। देश को नई पार्लियामेंट मिली। महिलाओं के लिए एक तिहाई रिजर्वेशन वाला प्रावधान हुआ। पीएफआई जैसे दुर्दांत आतंकी संगठन को एक ही रात में प्रतिबंधित करके आतंकवाद की आशंका को ही समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज दुनिया में भारत का गौरव गान गूंज रहा है, भारत का परचम लहरा रहा है। बीते 9 सालों में बहुत सी घटनाएं हुई, लेकिन कांग्रेस पार्टी को इनमें कुछ भी पॉजीटिव नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि आजकल दोनों भाई-बहन चुनाव वाले राज्यों में घूम रहे हैं और पूछ रहे हैं भाजपा ने क्या किया। भाजपा ने बहुत सारे काम किए हैं, लेकिन वो सिर्फ उन्हीं को समझ में आते हैं, जिनकी जड़ें भारत में हैं। जिनकी जड़ें इटली में हों, उन्हें ये काम दिखाई नहीं देंगे।
मोदी सरकार ने आदिवासी हित के लिए बजट बढ़ाया..
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पहले आदिवासियों के लिए सिर्फ जल, जंगल और जमीन की बात होती थी, लेकिन अब इसके साथ ही सुरक्षा, सम्मान और समावेशी विकास की बात होने लगी है। उन्होंने कहा कि सोनिया-मनमोहन की सरकार सिर्फ 29000 करोड़ आदिवासियों पर खर्च करती थी, अब मोदी सरकार 1,38,000 करोड़ खर्च कर रही है। कांग्रेस के समय में 90 एकलव्य विद्यालय थे, जो मोदी जी के 9 सालों में 740 हो गए हैं। केंद्र सरकार आदिवासियों के लिए अलग से 75000 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। इसके साथ ही हमारी सरकार ने छिंदवाड़ा जैसे जिलों के लिए डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन बनाए हैं, ताकि खनिजों से मिल रहे राजस्व का हिस्सा जिले की परियोजनाओं पर भी खर्च किया जा सके। छिंदवाड़ा आदिवासी बहुल जिला है। यहां महादेवपुरी कोलमाइंस की परमिशन हो चुकी है, दो बाकी हैं, भाजपा की सरकार बनने के बाद वो काम भी हो जाएंगे।
कांग्रेस को चला रहे तीन परिवार..
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश की कांग्रेस में तीन परिवारों को बोलबाला है। एक गांधी परिवार है, दूसरा कमलनाथ का परिवार है और तीसरा बंटाढार परिवार है। लेकिन जहां तीन तिगड़ा होता है, वहां काम बिगड़ जाता है। इन तीन परिवारों में से आदेश गांधी परिवार देता है, निर्देश कमलनाथ परिवार देता है और जब काम बिगड़ जाता है, तो चांटा मि. बंटाढार के गाल पर पड़ता है। कमलनाथ और दिग्विजयसिंह जहां जाते हैं, उनके समर्थक कपड़े फाड़ने पर उतारू हो जाते हैं। जिस पार्टी में एकता न हो, वो प्रदेश का भला कैसे कर सकती है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के परिवार के लिए राजनीति में हैं, जबकि मोदी जी गरीब कल्याण के लिए राजनीति करते हैं। इसीलिए उन्होंने और शिवराज जी की सरकार ने प्रदेश के 93 लाख किसानों के खातों में 21000 करोड़ की राशि दी है। 3.70 करोड़ लोगों को 5 लाख तक का इलाज मुफ्त मिल रहा है। 80 लाख परिवारों में शौचालय बनवाए हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी अगर कांग्रेस ने अपने 50 सालों के शासन में इसका 10 प्रतिशत काम भी किया हो, तो आप बताइये, हमारे युवा मोर्चा का कार्यकर्ता भी इस विषय पर आपसे बहस कर सकता है।
छिन्दवाड़ा भाजपा सरकार की योजनाओ के हितग्राहियों का गढ़ – वी डी शर्मा
सभा में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार में न सिर्फ गरीबों का उत्थान हुआ है बल्कि हमारा प्रदेश भी विकास के नित नये आयाम स्थापित कर रहा है। जिन्हें यह भ्रम है कि छिंदवाड़ा उनका गढ़ है, तो उनको यह कहना चाहता हूं कि छिंदवाड़ा अगर किसी का गढ़ है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण की योजनाओं का गढ़ है। छिंदवाड़ा भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभान्वितों का गढ़ है।
कांग्रेस का भ्रम भी समाप्त हो जाएगा – प्रहलाद पटेल
जनसभा में केंद्रीय मंत्री और नरसिंहपुर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार गरीब कल्याण के मिशन पर काम कर रही है। मोदी सरकार ने जो ऐतिहासिक निर्णय लिए है और जो काम किये है उन कामों को हमारे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी गति दे रहे है। उन्होंने कहा कि जब मैं यहाँ लोकसभा का उम्मीदवार था तब छिंदवाड़ा में बाहुबल, धनबल और झूठ चलता था। बाहुबल पहले समाप्त हो चुका है, इस बार धनबल और कांग्रेस का भ्रम भी समाप्त हो जाएगा। इस अवसर पर पूर्व मंत्री चौधरी चन्द्रभान सिंह, छिंदवाडा विधानसभा के पार्टी प्रत्याशी जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू, परासिया विधानसभा की प्रत्याशी श्रीमती ज्योति डेहरिया, पार्ढूना प्रत्याशी प्रकाश उइके, जुन्नारदेव प्रत्याशी नत्थन शाह, चौरई प्रत्याशी लखन वर्मा, सौंसर प्रत्याशी नानाभाउ मोहोड सहित जिले के पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि सहित हजारों की संख्या में जनमानस उपस्थित था।