छिंदवाड़ा में ढाबे पर खूनी संघर्ष, कार सवार युवकों ने चाकू से किया हमला; CCTV वीडियो आया सामने
छिंदवाड़ा।
जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देता एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार शाम देहात थाना क्षेत्र में स्थित एक ढाबे के बाहर उस समय हड़कंप मच गया, जब काली रंग की फोर्ड कार से उतरे कुछ युवकों और ढाबा संचालकों के बीच मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान कार सवार युवकों ने बड़े चाकू जैसे हथियार निकालकर ढाबा संचालकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में राजा नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर नागपुर रेफर किया गया है। वहीं एक अन्य युवक के चेहरे पर भी गंभीर चोटें आई हैं, जिसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। सूत्रों के अनुसार आरोपी तहसील परासिया रवानवाडा के बताए जा रहे है , पुलिस अभी भी जांच में जुटी हुई है ।
बताया जा रहा है कि घटना के समय ढाबा बंद हो चुका था, इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ती चली गई और मामला हिंसा तक पहुंच गया। पूरी वारदात ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना का 1 मिनट 9 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला और भी सुर्खियों में आ गया है।
मामले की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावर युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने हमलावरों की कार की पहचान कर ली है और जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लेने की बात कही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह भी खंगाली जा रही है।

















