बदली सियासी पारी, अब नया छिन्दवाड़ा बनाने की तैयारी, अमरवाड़ा को 127 करोड़ के कार्यो की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा ने की आभार सभा

♦छिन्दवाड़ा मध्यप्रदेश –
छिन्दवाड़ा की बदली सियासी पारी से भाजपा गद -गद है। पहले लोकसभा और अब अमरवाड़ा विधानसभा उप चुनाव के परिणाम से भाजपा के माथे का कलंक धुल गया है कि छिन्दवाड़ा में भाजपा का सांसद हैं ना विधायक। आज प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वी डी शर्मा अमरवाड़ा पहुंचे और उप चुनाव में राजा कमलेश शाह के विधायक निर्वाचित होने पर अमरवाड़ा में रोड शो और बड़ी आम सभा कर जनता का आभार जताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि छिन्दवाड़ा की जनता ने छिन्दवाड़ा को गढ़ बताने वालों को लाखों वोट से बाहर फेका है। यहां गढ़ नही बल्कि सब गड़बड़ था। अब यहां चुनाव परिणाम का प्रमाण पत्र लेकर फुर्र हो जाने चिड़िया है ना ही चिड़िया का बच्चा। भाई साहब ,भाभी, बेटा की जगह पहली बार लोकल व्यक्ति विवेक बंटी साहू सांसद बना है। आपने लोकसभा में भरपूर आशीर्वाद दिया और अमरवाड़ा में भी कमलेश शाह को फिर विधायक बनाया है। हम छिन्दवाड़ा के विकास में कोई कसर बाकी नही रखेंगे। नया और आधुनिक छिन्दवाड़ा बनाएंगे। पूरी सरकार आपके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इस अवसर पर अमरवाड़ा को करीब 127 करोड़ की लागत के विकास कार्यो की सौगात दी और कार्यो का भूमिपूजन भी किया है। इनमे अमरवाड़ा में तीन बड़े जलाशय, 25 करोड़ की लागत से जलजीवन मिशन में ग्रामीण नल – जल योजनाए, कृधि उपज मंडी का विकास सहित वेयर हाउस ,सड़क निर्माण सहित विकास के अनेक कार्य होंगे।
मुख्यमंत्री ने यहां औद्योगिक विकास के लिए उद्योग पतियों के साथ भी बैठक की है। इस बैठक में छिन्दवाड़ा, पांढुर्ना और अमरवाड़ा में कृषि, खनिज ,फ़ूड सहित अन्य उद्योग की स्थापना का मासौदा तैयार किया जा रहा है।
सभा को प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वी डी शर्मा सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सम्पतिया उइके, सांसद विवेक बंटी साहू, अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना, भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव, नगर निगम छिन्दवाड़ा महापौर विक्रम अहके ने भी संबोधित किया।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि छिन्दवाड़ा मध्यप्रदेश का मोर – मुकुट है। यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। जिस पर कार्य शुरू हो गया है। हम नया आधुनिक छिन्दवाड़ा बनाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार युवाओं,महिलाओं,बुजुर्गों एवं किसानों के हितों की रक्षा की गारंटी वाली सरकार है। प्रदेश सरकार द्वारा दो लाख सरकारी नॉकरी पर भर्तियां करने की तैयारी की जा रही है। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारियों के लिये उनके रहने,खाने एवं कोचिंग की फ़ीस भी देने की व्यवस्था की जायेगी।युवाओं को उनके सपनों को साकार करने में सरकार मदद करेगी। प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़े उसके लिये महाकौशल सहित समूचे प्रदेश में उद्योगों की श्रृंखला स्थापित की जाएगी। महिलाओं के लिए सरकार द्वारा संचालित की जाने वाली विभिन्न योजनाएँ यथावत संचालित होती रहेगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में सहायता समूह की महिलाओं के लिए नवीन योजनायें लाई जाएगी। इन सबके लिए प्रदेश सरकार का बजट अब पूर्व के बजट से बीस प्रतिशत से अधिक रखने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी वर्गों के3 हितों का ध्यान रखा जाएगा। आने वाले पाँच वर्षों के भीतर यह बजट दोगुना किया जाएगा। किसान सम्मान निधि के लाभ से छूटे किसानों को किश्त देनें,जाति प्रमाण पत्र बनाने का कार्य भी सरकार के द्वारा किया जा रहा है। हमारे अन्नदाता किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिलें,हर किसान के खेत तक पानी पहुँचे इसके लिए बांध बनाने की योजना भी शुरू हो चुकी है।डूब प्रभावित क्षेत्र में आने वाले भूमि के किसानों को भी मुआवज़ा देने का कार्य किया जा रहा है। लोगों के जीवन की मुश्किलों में प्रदेश सरकार सदैव आपके साथ है।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा है कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के समग्र कल्याण के विकास के लिये प्रधानमंत्री जन मन योजना के माध्यम से अब पक्के मकान बनाकर दिए जा रहें हैं । मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत जिन हितग्राहियों की किश्त शेष है उसे भी सरकार द्वारा भरा जाएगा। यह सरकार ग़रीबों की सरकार है ।लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिये केंद्र एवं राज्य सरकार कृत संकल्पित है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में प्रदेश के श्रदालुओं को देश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों के साथ ही प्रदेश में स्थित प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण करवाया जाएगा। इनमें उज्जैन के महाकाल मंदिर,राम राजा की नगरी ओरछा,मैहर का माँ शारदा माता का मंदिर,दतिया का पीताम्बरा पीठ शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा है कि अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह ने क्षेत्र के विकास के लिए जो माँगे की है। उन्हें भी पूरा किया जायेगा।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा है कि राजस्व महाअभियान में 18 जुलाई से 31 अगस्त तक लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण किया जाएगा।
सभा में नगरपालिका अध्यक्ष अमरवाड़ा प्रीति नितिन तिवारी, टीकाराम चंद्रवंशी, नथनशाह,संतोष पारिक सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता सहित संभागायुक्त अभय वर्मा, आईजी अनिल कुशवाह, कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री अन्य अधिकारी सहित बड़ी संख्या आम जनमानस उपस्थित था।