Chhindwara Bulletin : भाजपा ने अमरवाड़ा उपचुनाव के लिए कमलेश शाह को घोषित किया प्रत्याशी, सी एम हाउस की बैठक में लगी मोहर
सांसद विवेक साहू सहित अमरवाड़ा के नेताओ से मंथन के बाद फैसला
♦छिन्दवाड़ा बुलेटिन –
सी एम हाउस भोपाल में बैठक के बाद भाजपा ने अमरवाड़ा उपचुनाव के लिए राजा कमलेश शाह को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव , प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा संगठन मंत्री हितानंद शर्मा, छिन्दवाड़ा के सांसद विवेक साहू,पूर्व विधायक कमलेश शाह सहित प्रदेश महामंत्री राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, ,जिला अध्यक्ष शेषराव यादव, मोनिका शाह बट्टी सहित छिंदवाड़ा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 14 जून को छिन्दवाड़ा की जनसभा में इसका ऐलान करने के साथ ही अमरवाड़ा उपचुनाव प्रचार का श्री गणेश करेंगे।
लोकसभा की बड़ी जीत में अमरवाड़ा का योगदान भी कम नही है। यहां से भाजपा को 15 हजार से ज्यादा वोट की लीड मिली है। यह सब राजा कमलेश शाह के कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने के बाद संभव हो सका है। इसके पहले तक भाजपा लगातार तीन विधानसभा चुनाव यहां से हार चुकी है। स्वयं कमलेश शाह कांग्रेस से लगातार तीन बार विधायक रहे हैं। दो बार तो भाजपा यहां गोंडवाना के आगे तीसरे नंबर की पार्टी बन गई थी। अर्थात चुनाव में गोंडवाना को भाजपा से ज्यादा वोट मिले थे।
अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना 14 जून को जारी होगी। इसके साथ ही नामांकन का सिलसिला शुरू हो जाएगा। नामांकन की अंतिम तिथि 21 जून है। 10 जुलाई को यहाँ मतगणना होगी। भाजपा में अधिसूचना जारी होने से पहले ही अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है।
18 जून को अमरवाड़ा में सी एम की रैली के साथ कमलेश भरेंगे नामांकन ..
18 जून को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव अमरवाड़ा में रैली करेंगे। इस रैली के बाद भाजपा के उम्मीदवार कमलेश शाह अपना नामांकन दाखिल करेंगे। रैली में सांसद विवेक साहू सहित पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज छिन्दवाड़ा में ..
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 14 जून को छिन्दवाड़ा में रहेंगे। लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली बड़ी जीत पर वे छिन्दवाड़ा की जनता का आभार जताने छिन्दवाड़ा आ रहे हैं। मुख्यमंत्री दोपहर एक बजे छिन्दवाड़ा पहुंचेंगे।जिला भाजपा की आयोजित जन आभार रैली में वे नवनिर्वाचित सांसद विवेक साहू को साथ लेकर रोड शो करेंगे और दोपहर दो बजे दशहरा मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।
शहीद सी आर पी एफ़ जवान कबीरदास उइके को दी अंतिम विदाई …
जम्मू -कश्मीर के आंतकी हमले में शहीद सी आर पी एफ़ जवान कबीर दास उइके को आज उनके गृह ग्राम बिछुआ के पुलपुलडोह में सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। शहीद का पार्थिव शरीर विशेष वायुयान से नागपुर और नागपुर से गांव लाया गया था। प्रदेश शासन की ओर से पी एच ई मंत्री सम्पतिया उइके , सांसद विवेक साहू , सी आर पी एफ़ की डी आई जी, कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह, एस पी मनीष खत्री नगर निगम छिन्दवाड़ा के महापौर विक्रम अहके सहित शहीद के परिजन और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे। 14 जून को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शहीद के परिजनों से मुलाकात करने बिछुआ के पुलपुलडोह जाएंगे।
सांसद विवेक साहू ने किया श्रमदान, की बड़ा तालाब सफाई ..
जिले में बरसात पूर्व चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान में आज सांसद विवेक साहू ने भाजपा जिला कार्यालय के पीछे स्थित बड़ा तालाब की सफाई के लिए श्रमदान किया। उनके साथ पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओ सहित नगर निगम के सफाई अमले ने भी सफाई की। सांसद विवेक साहू ने कहा कि जिले के जल स्त्रोतों और जल भंडारण की नदियों, तालाबो, जलाशयों , कुंआ – बावड़ी का भविष्य के लिए सरंक्षण जरूरी है। जनजागरूकता के बिना यह संभव नही है। आम जनों को जल स्त्रोत सरंक्षण की प्रेरणा देने के लिए ही यह श्रमदान अभियान शुरू किया गया है।
कांग्रेस से यदुनंदन शाह, चंपा लाल और नवीन मरकाम के नाम ..
अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव का 14 जून को बिगुल बज रहा है। राजा कमलेश शाह के कांग्रेस से भाजपा में जाने के बाद कॉंग्रेस को यहां नए आदिवासी नेता तलाशना पड़ रहा है। कांग्रेस ने यहां भी विधायक प्रत्याशी के लिए यदुनंदन शाह, नवीन मरकाम, और चंपा लाल क़ुरचे के नाम पर विचार किया है। यदुनंदन शाह ग्राम पंचायत सोनपुर जागीर के सरपंच है वही नवीन मरकाम और चंपा लाल क़ुरचे जिला पंचायत के सदस्य हैं। इसके अलावा कांग्रेस तीसरे विकल्प के रूप में गोंडवाना के देव रावण भलावी पर भी नजर गड़ाए हुए हैं। देव रावन ने हाल ही में लोकसभा के चुनाव में गोंडवाना के नाम पर 55 हजार वोट पाए हैं। इनमे करीब 23 हजार वोट अकेले अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के ही है। गोंडवाना को अमरवाड़ा में मिले वोटों का यह आंकड़ा चौकाने वाला है। यदि कांग्रेस को गोंडवाना का साथ मिल गया तो भाजपा के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी हो सकती है। इस आंकड़े से ही माना जा रहा है कि अमरवाड़ा में गोंडवाना जिंदा है और यदि कांग्रेस की गोटी फिट बैठी तो देव रावन भी कांग्रेस से उम्मीदवार हो सकते हैं।