छिंदवाड़ा ताज़ा मामला : राजनीति से जुड़ाव भी नहीं बचा सका, जुआ खेलते पकड़े गए युवा नेता

छिंदवाड़ा। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुंडीपुरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शहर से लगे लहगडुआ क्षेत्र में पानी टंकी के नीचे जुए की फड़ लगाकर ताश खेल रहे 9 आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में कुछ भाजपा से जुड़े युवा नेता भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिससे मामला और अधिक चर्चाओं में आ गया है।
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देश पर जिलेभर में अवैध जुआ-सट्टा पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक महेन्द्र भगत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लहगडुआ में कुछ लोग खुलेआम जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने 19 दिसंबर 2025 को मौके पर दबिश दी।
रेड के दौरान पुलिस ने मौके से ₹13,560 नगद, 52 ताश के पत्ते और 7 मोबाइल फोन जब्त किए। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में धर्मेन्द्र काकोडिया, राकेश महोबिया, आयुष वर्मा, विशाल सूर्यवंशी, बिक्की चौहान, शंकर अहिरवार, सचिन सोनी, अंकित कहार और संजय सराठे शामिल हैं, सभी निवासी जिला छिंदवाड़ा बताए गए हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महेन्द्र भगत, चौकी प्रभारी धरमटेकड़ी अविनाश पारथी सहित पुलिस स्टाफ और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे उसका राजनीतिक या सामाजिक जुड़ाव कुछ भी हो।

















