छिंदवाड़ा लेटेस्ट: कलेक्टर का अचानक गांव में प्रवेश, अधिकारियों में मचा हड़कंप!ग्रामीण बोले– कलेक्टर आए, उम्मीद जगी।

मेट्रो सिटी मीडिया डेस्क।
जिले के कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने सोमवार को चौरई विकासखंड अंतर्गत ग्राम भूतेरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिससे रात्रि में आवागमन में परेशानी हो रही है। इस पर कलेक्टर श्री नारायन ने ग्राम सचिव को तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों द्वारा पेयजल संकट की समस्या भी कलेक्टर के संज्ञान में लाई गई। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त किसानों ने सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता का मुद्दा भी उठाया। इस पर कलेक्टर श्री नारायन ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को समस्या का त्वरित निराकरण करने के आदेश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जाए।

















