छिंदवाड़ा ताज़ा खबर: आधा किलो गांजा सहित तस्कर गिरफ्तार , देहात पुलिस टीम को मिलेगा इनाम , एसपी ने की घोषणा।
मेट्रो सिटी मीडिया डेस्क
छिंदवाड़ा
मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देहात पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। गांगीवाड़ा रिंग रोड पर रोहना बायपास के समीप पुलिस ने गांजा तस्करी में संलिप्त एक आरोपी को रंगे हाथों दबोचते हुए उसके कब्जे से 500 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है।
- मुखबिर की सूचना पर हुई सटीक कार्रवाई
दिनांक 05 जनवरी 2026 को थाना देहात प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत अपने अधीनस्थ स्टाफ के साथ क्षेत्र में भ्रमण एवं पतासाजी कर रहे थे। इसी दौरान विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रोहना बायपास के पास एक दुबले-पतले कद-काठी का व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा है, जो अपने हाथ में गुलाबी रंग का थैला लिए गांजा विक्रय की फिराक में है।
- घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
सूचना की तस्दीक करते हुए पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके थैले से 500 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4500 रुपये बताई जा रही है।
- NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रकाश साहू, पिता रमेश साहू, उम्र 42 वर्ष, निवासी रोहनाकला, थाना देहात, जिला छिंदवाड़ा बताया। आरोपी ने बताया कि गांजा उसे छिंदवाड़ा की ओर से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराया गया था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 08/2026, धारा 8/20 NDPS Act के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
- सप्लायर की तलाश में पुलिस की दबिश
प्रकरण में गांजा उपलब्ध कराने वाले तस्कर की तलाश हेतु देहात पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
- इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक संदीप सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक मंगलसिंह (801), आरक्षक सौरभ सिंह बघेल (779), उमेश उइके (836), साइबर सेल से नितिन (811) एवं आदित्य (842) की विशेष भूमिका रही।
- पुलिस टीम को मिलेगा सम्मान
पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने वाली टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।

















